महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 फरवरी। महासमुंद नगर की अधिष्ठात्री देवी महामाया में नवनिर्मित मंदिरों में 10 देवी देवताओं का प्राण प्रतिष्ठा समारोह कल विधि विधान से आयोजित हुआ। पांच दिवसीय इस आयोजन में 7 फरवरी को युगल मूर्तियां लक्ष्मी नारायण, राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति के साथ भंडारा प्रसादी की व्यवस्था दोपहर में की गई।
महामाया तालाब के पार में बने यज्ञ मंडप में आचार्य पं.पंकज तिवारी ने अपने पुरोहितों दिनेश चौबे, नरेश दीवान, रिकेश दुबे, उत्कृष्ट शुक्ला, हेमंत द्विवेदी, रोशन महाराज के साथ वास्तु पूजन यज्ञ, देवताओं के नेत्रोंनयन, आईना दर्शन, वेदी पूजन, देवी प्रतिष्ठा, शिव प्रतिष्ठा, दुग्धाभिषेक समेत अनेक विधान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया।
पूजन विधान में यजमान के रूप में अमरनाथ साहू, विवेक दवे, हीरालाल साहू, कापसे परिवार, विजय चंद्राकर,हेमंत बघेल हलकूराम साहू इत्यादि शामिल हुए। महामाया मंदिर के मुख्य द्वार से लगकर 10 देवी देवताओं के लिए मंदिरों का निर्माण किया गया है। जिसमें शिवलिंग, राधा कृष्ण, राम दरबार, लक्ष्मी नारायण, गणेश जी, हनुमान जी, महामाया षामिल हैं।
मंदिर समिति के कन्हैया शुक्ला, खोरबाहरा साहू, कमलेश चंद्राकर, पूर्णेन्द्र चंद्राकर, मूलचंद कोचर,सोनू बजाज, भाऊराम साहू, राजेश नायक, ईश्वर साहू, नेमीचंद सोनी ने नगर वासियों का अभिनंदन करते हुए दर्शन लाभ लेने और भंडारा प्रसादी में शामिल होने का आग्रह किया है। आचार्य पंडित तिवारी ने बताया कि किसी भी स्थल में यज्ञ हवन इत्यादि हो तो यज्ञ स्थल की परिक्रमा करना चाहिए। इससे यज्ञ स्थल में विराजित सभी देवी देवताओं के परिक्रमा का फल मिलता है। उन्होंने बताया कि जहां विराजित सभी देवी-देवताओं का पहले जलाधिवास, अन्नाधिवास, फलाधिवास, मेवाधिवास, पुष्पाधिवास कराकर प्राण प्रतिष्ठा विस्तार की विधि पूर्ण की गई।
पं. पंकज शर्मा के अनुसार महाभारत में अर्जुन को दिव्य दृष्टि मिलने के बाद ही वे भगवान के दर्शन कर पाए थे। मनुष्यों में इतनी शक्ति नहीं होती कि वह सीधे भगवान का दर्शन कर सकें। इसलिए प्राण प्रतिष्ठा समारोह में यह भाव रहता है कि भगवान जब अपना नयन खोले तो सबसे पहले भगवान दर्पण में अपने को स्वयं देखें। इसके बाद भक्तों को दर्शन दे। इसलिए प्राण प्रतिष्ठा के बाद जैसे ही भगवान का नयन खोला गया, उन्हें दर्पण दिखाने की विधि पूर्ण की गई।