महासमुन्द

जिपं सदस्य के 15 पदों के लिए अंतिम दिन तक 92 अभ्यर्थी मैदान में
04-Feb-2025 3:30 PM
जिपं सदस्य के 15 पदों के लिए अंतिम  दिन तक 92 अभ्यर्थी मैदान में

महासमुंद ब्लॉक में सरपंच के 105 पदों के लिए 542 मैदान में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 4 फरवरी।
पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिले के अंतिम दिन कल जिला पंचायत सदस्य के 27 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्य के 15 पदों के लिए अंतिम दिन तक कुल 92 अभ्यर्थी मैदान में उतर चुके हैं। कल 4 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 6 फरवरी को नाम वापस लेने की आखिरी तारीख होगी। उसके बाद ही सभी 1 से 5 क्षेत्रों में मुकाबले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

इसी तरह महासमुंद जनपद के लिए कल अंतिम दिन तक 143 अभ्यर्थी नामांकन दाखिल कर चुके हैं। नामांकन दाखिले का अंतिम दिन होने के कारण कल जनपद और जिला पंचायत में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए भारी गहमा-गहमी के बीच अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए। अनेक उत्साही अभ्यर्थी बाजे-गाजे के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं को लेकर रैली की शक्ल में नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। 

भाजपा समर्थित सभी 15 जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी लोहिया चौक से एक साथ सैकड़ों समर्थकों के साथ निकले। उनके साथ विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, जिलाध्यक्ष येतरम साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर भी साथ थे। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर, प्रदेश सचिव अमरजीत चावला, जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर आदि प्रत्याशियों के साथ पहुंचे थे। अंतिम तिथि होने के कारण जनपद सदस्य से लेकर जिला पंचायत तक भारी भीड़ मध्यान्ह 3 बजे तक जुटी रही।

नामांकनों की संख्या भी अधिक होने के कारण रात 10 बजे तक जिला पंचायत और जनपद से नामांकनों की पूरी संख्या और नाम उपलब्ध नहीं कराये जा सके। देर रात मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद ब्लॉक में 105 सरपंच पदों के लिए 542 अभ्यर्थियों ने 559 और 1413 पंच पदों के लिए 2845 अभ्यर्थियों ने 2859 नामांक पत्र दाखिल किए गए हैं। इसी तरह जनपद सदस्य के 25 पदों के लिए 143 अभ्यर्थियों ने कुल 157 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। किसी ने 1, किसी ने दो तो किसी-किसी ने 3 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। आज 4 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 6 फरवरी को नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद मुकाबले की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
 


अन्य पोस्ट