महासमुन्द

करणीकृपा प्लांट के धुएं से फसल हो रही खराब, 28 गांवों के लोग खांसी, दमा के मरीज हो गए-आरोप
04-Feb-2025 3:28 PM
करणीकृपा प्लांट के धुएं से फसल हो रही खराब,  28 गांवों के लोग खांसी, दमा के मरीज हो गए-आरोप

तालाब-कुएं का पानी दूषित, मवेशी तक नहीं पीते 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,4 फरवरी।
ग्रामीणों और किसानों ने जानकारी दी है कि महासमुंद ब्लॉक के ग्राम पंचायत खैरझिटी में स्थित एक स्टील व पावर प्लांट से निकलने वाले धुएं से न केवल फसलों को नुकसान हो रहा है। बल्कि अब मानव शरीर पर भी इसका विपरीत असर पड़ रहा है। धुएं के चलते लोग खांसी, दमा से ग्रसित हो रहे हैं। कंपनी के खुलने से प्रदूषण के कारण खैरझिटी, कौंआझर, मालीडीह, पिरदा, गुरुडीह, लहंगर, पीढ़ी, भोरिंग, जोबा, बिरकोनी, अछरीडीह, कोडार, बिरबिरा,बांसकुड़ा, कुहरी समेत 28 गांवों के लोग खासे परेशान हंै। इसको लेकर बीते 3 साल से आंदोलन कर रहे हैं। बावजूद अभी कंपनी को बंद नहीं किया है। इससे लोगों में आक्रोश है। अब तो कंपनी के धुएं से मानव शरीर पर भी इसका विपरीत असर पड़ रहा है। धुएं के चलते लोग खांसी, दमा से ग्रसित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह में एक पावर प्लांट स्थापित किया गया है। वहां खैरझिटी और कौंआझर के ग्रामीणों की जमीन है। इनमें करीब 16 एकड़ जमीन ग्रामीणों का है। मालिक के अनुमति के बगैर पंचायत प्रस्ताव कर कंपनी खोल दी गई। जब इसका विरोध किया गया तो अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। हेमसागर पटेल मालीडीह ने बताया कि करीब ढाई एकड़ जमीन को बिना बेचे ही कंपनी के द्वारा कब्जा कर लिया गया है। ऐसे करीब 15 किसान है। जिनका जमीन मालिक के अनुमति बगैर कब्जा कर प्लांट बनाया जमीन मालिक के अनुमति बगैर कब्जा कर प्लांट बनाया गया है। तुमगांव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं है। मामले में 107,16 के तहत मामला दर्ज है। मामला कोर्ट में लंबित है।

जानकारी अनुसार आगामी 25 फरवरी को प्लांट बंद कराने के विरोध में इन गांवों के किसान 25 फरवरी को इसके विरोध में विशाल ट्रैक्टर रैली निकालने की तैयारी में हैं। ग्रामीण अशोक कश्यप, खेमसागर पटेल, दशरथ सिन्हा ने यह प्लांट करीब 167 एकड़ में फैला हुआ है। इस बाबत बीते रविवार को श्रीराम जानकी मंदिर खैरझिटी में किसानों की बैठक हुई है।

इन ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि 1 महीने के भीतर अगर कंपनी को बंद नहीं किया जाता है कि तो उग्र आंदोलन करेंगे। किसानों की जमीन कब्जा के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। महासमुंद एसडीएम हरिशंकर पैकरा ने कहा कि किसानों की जमीन में कब्जा के संबंध में जानकारी नहीं है, इसको लेकर जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही मामले की जांच कराई जाएगी।

प्लांट को हटाने ग्रामीण एकजुट

इस प्लांट को हटाने को लेकर ग्रामीण एकजुट हो गए हैं। कहा है कि तालाब के पानी में काली परत जम जाती है, इसके चलते चर्म रोग हो रहे है। तालाब की मछलियां भी बीमारी से मरने लगी है। कुआं में धुएं की परतें जम जाने से पानी पीने योग्य नहीं बचा है। पहले लोग कुएं के पानी का उपयोग न केवल नहाने बल्कि भोजन बनाने के लिए करते थे। अब इसे मवेशी भी नहीं पीते हैं।
 


अन्य पोस्ट