महासमुन्द
ग्राम पंचायत जगत भी पीछे नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी। जिले के बसना क्षेत्र में कई जनप्रतिनिधियों के पति शौचालय राशि निकालकर हजम कर चुके हैं। इस बात की जानकारी सूचना के अधिकारी के तहत मिली है। हालांकि सरकार की मंशा है निर्वाचित जनप्रतिनिधि के माध्यम से शासन की योजनाओं को वंचित व पात्र लाभार्थियों को प्रदाय किये जाने का है। ताकि पंचायती राज का सपना साकार हो सके। लेकिन यहां निर्वाचित जनप्रतिनिधि ही शासन की इस महती योजना को डकारने में लगे हंै। ऐसा ही एक मामला बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत जगत में सामने आया है। यहां स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण)योजना में भ्रष्टाचार की पुष्टि के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर जिला पंचायत सीईओ पर आरोप है कि जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत होने के बाबजूद जिम्मेदार अधिकारी ने ठोस कार्रवाई नहीं की है। अब इसकी शिकायत शासन स्तर में किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत जगत में वर्ष 2016-17 में स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण)योजना के तहत एसबीएम में 136 एवं मनरेगा 76 शौचालय निर्माण किये जाने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति आदेश जारी हुआ। जिसके अनुपालन में शौचालय निर्माण किया गया। जिसमें आरोप है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता नहीं के बराबर था। मटेरियल सप्लाई भी अपने चहेतो को वेंडर बनाकर कागजों में निपटा दिया गया। इस काम के लिए जिन फर्मो को राशि भुगतान किया है, उसका केशबुक एवं बिल बाउचर भी ग्राम पंचायत में उपलब्ध नहीं है। हैरत की बात है कि इस गड़बड़ी के दौरान 03 पंचायत सचिव क्रमश: हेतराम पटेल, निमंकर पटेल एवं लखपति साहू वहां पदस्थ रहे। लेकिन केशबुक व बिल वाउचरों के गायब होने के संबंध में कोई भी पंचायत सचिव ने उच्च अधिकारी को लिखित में जानकारी देकर अवगत नहीं कराया। आरोप तो यह भी है कि पंचायत सचिवों ने इस गड़बड़ी को छुपाने के लिए शासकीय अभिलेख व रिकार्ड को नष्ट कर दिया है।
आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने इस गड़बड़ी का शासन स्तर में लिखित शिकायत की। जिस पर जिला पंचायत महासमुन्द के द्वारा 03 सदस्यीय जांच टीम बनाकर जांच भी कराया गया। जांचकर्ता अधिकारी मनोज सिन्हा, तुलसी जायसवाल, रूपसिंग सिदार ने डांच में पाया कि तात्कालीन सरपंच सुलोचना राजहंस ने अपने पति शोभाराम राजहंस को भी शौचालय निर्माण के लिए पात्र बताकर लाभ दिया है। जबकि शोभाराम राजहंस सरकारी कर्मचारी थे। वे पिरदा आदिवासी हास्टल में अधीक्षक थे।
इसी तरह जांच में यह भी पाया कि जनपद सदस्य देवकुमारी पटेल के पति फूलचंद पटेल को भी जबरन पात्र बताकर लाभ दिया गया है। इसके अलावा पंच किशन पिता वनमाली को भी लाभाविन्त किया गया है। गौरतलब है कि उतेकेल ग्राम पंचायत में भी ऐसे ही अपात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया गया था। जिसमें तत्काल कार्रवाई करते हुए सीईओ सच्चिदानंद आलोक ने सरंपच, सचिव, मेट सहित अन्य अपात्र लाभार्थी के विरूद्व एफआईआर के आदेश दिए थे। लेकिन बहरहाल ग्राम पंचायत जगत के इस प्रकरण में जांच प्रतिवेदन पाने के बाबजूद चुप्पी साधे बैठे हंै। अत: शिकायतकर्ता विनोद दास ने इसकी शिकायत शासन स्तर पर की है।