महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 फरवरी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025 को लेकर राजनीतिक दलों के लोगों ने मिली-जुली प्रतिक्रियाएं व्यक्त की है। भाजपा नेताओं ने इसे ऐतिहासिक और विकासोन्मुखी बताया है। जबकि कांग्रेस ने इसे निराशाजनक बताते हुए घोषणाओं का पुलिंदा करार दिया है।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने शनिवार को संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला बताते हुए कहा कि बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को प्राथमिकता दिया गया है। कहा कि बजट में देश के समग्र, सर्व समावेशी और सर्वस्पर्शी विकास का जो खाका खींचा गया है, वह एक क्रांतिकारी पहल है। श्रीमती चौधरी ने कहा कि यह बजट टैक्स, एमएसएमई और शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़ी घोषणाओं के परिप्रेक्ष्य में विकास को आगे बढ़ाने और मध्यम वर्ग की क्षमता को बढ़ाने के लिए समर्पित है। इसमें देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मध्यम वर्ग को 12 लाख की सालाना आय को करमुक्त करते हुए राहत दी है। वहीं किसानों को 5 लाख रुपए तक के लोन में छूट दी है। बजट से छत्तीसगढ़ के विकास को और रफ्तार मिलेगी। श्रीमती चौधरी ने कहा कि 36 जीवनरक्षक दवाओं को पूरी तरह से करमुक्त करने से गरीब और मध्यमवर्ग के मरीजों को काफी राहत मिलेगी। कैंसर के इलाज की दवाएं सस्ती होंगी। केंद्रीय बजट में ग्रामीण पंचायत विभाग के माध्यम से गांवों की अर्थव्यवस्था में परिवर्तन की दिशा तय हुई है। पीएम आवास योजना के तहत तीन से चार करोड़ जरूरतमंद गरीबों को आवास मिलेंगे। इसका लाभ निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ को मिलेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने बजट को विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला बताते हुये कहा कि यह कल्याणकारी, सर्वस्पर्शी और समावेशी बजट देश के गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के समग्र विकास के साथ स्टार्टअप्स, इनोवेशन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विभिन्न क्षेत्रों को समाहित करते हुए अंत्योदय की भावना और नवोन्मेष की नव.दृष्टि से परिपूर्ण है। जिलाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि बजट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक देश को विकसित भारत का सपना बनाने के लक्ष्य की झलक दिखती है। बजट में सबका साथ सबका विकास है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि यह दिशाहीन बजट है। इसमें किसी वर्ग को कुछ नहीं मिला। इस बजट में गरीब और गरीब होगा, अमीर और अमीर होता जाएगा। देश के किसान धरने पर बैठे हैं। लेकिन बजट में उनकी बात तक नहीं की गई। यह देश को डुबाने वाला बजट है। देश में महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी की जबरदस्त मार के साथ ही सडक़, पानी, शिक्षा, सुख.शान्ति आदि बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण लगभग 140 करोड़ की जनसंख्या वाले भारत में लोगों का जीवन काफी त्रस्त है। जिसका केन्द्रीय बजट के माध्यम से भी निवारण होना जरूरी था।
केन्द्र सरकार द्वारा पेश किये बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सराईपाली विधायक चातुरी नंद ने निराशाजनक बजट बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों को फिर से ठगने का काम किया है। केन्द्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक श्रीमती नंद ने कहा कि बजट में पीएम कृषि योजना लागू करने की बात की गयी है। लेकिन किसानों के उपज की पूरी कीमत मिले, इसके लिये एमएसपी की कानूनी गारंटी के लिए कोई प्रावधान नहीं। इसके साथ ही कृषि ऋण माफी, पीएम फसल बीमा योजना में सुधार के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों की केवल दो प्रमुख मांग है। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार लागत पर 50 प्रतिशत लाभ के आधार पर एमएसपी तय हो और देश के प्रत्येक किसान को एमएसपी की कानूनी गारंटी मिले। लेकिन इस बजट में इन दोनों प्रमुख बातें गौण हैं।
बजट को लेकर महासमुंद के विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि यह आम आदमी, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति का बजट है। देश के हर वर्ग को ध्यान में रखकर बजट बनाया गया है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और पूरे केंद्र सरकार को धन्यवाद देते हैं। मीडिया को जारी बयान में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय बजट का आकार हर साल बढ़ रहा है। इससे देश विकास की राह में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय बजट के संबंध में उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भरताए समावेशिता और ग्रामीण उत्थान का प्रतीक है। गरीब कल्याण, किसानों की भलाई, महिलाओं के सम्मान व युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। केंद्रीय बजट में 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर में छूट का निर्णय करदाताओं को बड़ी राहत प्रदान करेगा। जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक स्वतंत्रता मिलेगी। वे अपनी आय का बेहतर उपयोग कर सकेंगे। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपए करने का निर्णय लिया। जिससे किसानों को लाभ होगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री धन.धान्य योजना के तहत 1.7 करोड़ किसानों को मदद मिलेगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट को पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के बजट ने हर बार निराश किया है। मध्यम वर्ग को आयकर में जो छूट दी गई है, वह ऊंट के मुंह में जीरा से अधिक कुछ नहीं है। देश गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी के चिंताजनक दौर में दाखिल हो चुका है। लेकिन भाजपा लूटने और बेचने में लगी हुई है। मोदी सरकार के बजट ने हर बार देश को निराश ही किया है। बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किए गए हैं। प्रदेश लगातार कर्ज के दलदल में डूबता जा रहा है। प्रदेशवासियों के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया है। प्रदेश के नौजवानों के रोजगार, बुनियादी ढांचा विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी प्रदेश खाली हाथ ही रहा है। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी बजट में कुछ नहीं है। इस बजट से देश का हर वर्ग निराश हुआ है। मिडिल क्लास, गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं को बजट से काफी उम्मीदें थी। लेकिन उन्हें निराशा ही मिला। यह बजट पूरी तरह से और अव्यावहारिक, अन्यायपूर्ण और मिडिल क्लास विरोधी है।