महासमुन्द

बसना में भाजपा की खुशबू निर्विरोध निर्वाचित, कांग्रेस-आप प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस
01-Feb-2025 2:12 PM
बसना में भाजपा की खुशबू निर्विरोध निर्वाचित, कांग्रेस-आप प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस

 यहां से कांग्रेस के ही 3 पार्षद प्रत्याशियों ने भी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मैदान छोड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1फरवरी। महासमुंद जिले के बसना नगर पंचायत में अंतत: वही हुआ, जिसकी लोगों को पहले से आशंका थी। भाजपा प्रत्याशी डॉ. खुशबू अग्रवाल के नामांकन दाखिले के साथ ही लोग तय मान रहे थे कि बसना नगर के एक निजी नर्सिंग होम के संचालक डॉ. एन के अग्रवाल की बहू डॉ. खुशबू अग्रवाल के सामने कांग्रेस के उम्मीदवार तुलसी गौतम बंजारा एवं आम आदमी पार्टी प्रत्याशी अमरीन इरफान इलू गिगानी नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए कमजोर दावेदार होंगे। यह बात कल सच साबित हो गया।

 नाम वापसी की तिथि  31 जनवरी निर्धारित थी। कांग्रेस के प्रत्याशी तुलसी गौतम बंजारा एवं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अमरीन इरफान इलू गिगानी ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इस तरह कांग्रेस और भाजपा के नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी के नामांकन वापस लेते ही भाजपा प्रत्याशी डॉ.खुशबू अग्रवाल बसना नगर पंचायत से निर्विरोध रह गई हैं। इसके अलावा कांग्रेस के तीन पार्षद प्रत्याशियों ने भी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में नाम वापस ले लिया है।  गौरतलब है कि नगर पंचायत बसना के स्थापना से अब तक केवल एक बार कांग्रेस प्रत्याशी तौकीर सरवर दानी नगर पंचायत

अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। उसके बाद दो बार भारतीय जनता पार्टी एवं निर्दलीय प्रत्याशी गजेंद्र साहू नगर पंचायत अध्यक्ष बने थे। इस बार नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने तथा तीन कांग्रेस प्रत्याशियों द्वारा पार्षद हेतु भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में नाम वापस लेने के साथ ही बसना नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस के अस्तित्व पर सवाल उठ रहे हैं। कल जैसे ही डा. खुशबू अग्रवाल का नाम अध्यक्ष के लिए निर्विरोध होने की जानकारी मिली,नगर में उनके समर्थकों ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी। इसके बाद से नगर में कांग्रेस के प्रत्याशी एवं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के नाम वापस लेने को लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही है।

नगर पंचायत बसना के अध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही कल वार्ड नंबर 4 से आशीष साहू निर्विरोध रह गये हैं। आशीष साहू के खिलाफ  कांग्रेस प्रत्याशी रमेश दास ने नामांकन दाखिल किया था। और आज रमेश दास ने नामांकन वापस लिया। वार्ड 11 महेन्द्र सिंह अरोरा पूर्व में 3 बार पार्षद रह चुके हैं। कांग्रेस के अजय दास के नामांकन वापस लेने के साथ महेंद्र सिंह अरोरा चौथी बार पार्षद बन गए हैं। इसी तरह वार्ड 13 राकेश डडसेना ने भारतीय जनता पार्टी से नामांकन दाखिल किया था। इसी वार्ड में कांग्रेस से लक्ष्मीचंद गुप्ता ने नामांकन वापस ले लिया। अब राकेश डडसेना निर्विरोध रह गये हैं।


अन्य पोस्ट