महासमुन्द

राजडीह के ग्रामीणों ने सरपंच-सचिव पर लगाया वित्तीय अनियमितताओं का आरोप
31-Jan-2025 2:44 PM
 राजडीह के ग्रामीणों ने सरपंच-सचिव पर लगाया वित्तीय अनियमितताओं का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 31जनवरी।
सरायपाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत राजडीह एवं आश्रित ग्राम भालूकोना में सरपंच व सचिव पर ग्रामीणों ने वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने एकराय होकर कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद से इस मामले में उचित जांच व निराकरण करने की मांग की है।

भालूकोना के ग्रामीण वीरेन्द्र प्रधान, अशोक प्रधान, मोहित, विरंची, बालकराम, डमरू यादव, रामधन, संतलाल सिदार,अनिल प्रधान, रसिक प्रधान, विनोद कश्यप, रथुलाल, राजेश यादव, तिलकराम, बालेश्वर, संतोष, अश्विनी सिदार, खिरोद निर्मलकर उप सरपंच आदि ने कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ को दी शिकायत में उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत में जनवरी 2020 से दिसम्बर 2024 तक विभिन्न कार्यों में सरपंच चित्तरंजन प्रधान एवं सचिव अरुण प्रधान के द्वारा फर्जी मस्टर रोल बिल व्हाउचर बनाकर ग्राम पंचायत के बैंक खातों से कई व्यक्तियों एवं एजेंसी, दुकान सप्लायर के नाम से लाखों रुपए का गबन किया गया है। साथ ही शासकीय राशि का दुरुपयोग कर शासन एवं पंचायत को हानि पहुंचाई गई है। 

ग्रामीणों ने आगे लिखा है कि शासकीय एप मेरी पंचायत के माध्यम से जानकारी एकत्रित करने पर उन्हें उक्त घोटालों की जानकारी हुई। भालूकोना के  ग्रामीणों को धोखे में रखकर अवैधानिक तरीके से शासन को भी गुमराह करने की कोशिश की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि कार्य का नाम अलग है और एप में कई अवैधानिक फ ौटो किसी और कार्य का अपलोड किया गया है। 

उदाहरण स्वरूप उन्होंने बताया कि बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन 74553075 सन् 2023-24 में तालाब मेड़ बंधान का फ ोटो एवं सफ ाई कार्य का फ ोटो अपलोड है। जबकि तालाब मेड बंधान में 50 हजार रुपए ग्रामीणों के द्वारा जमा की गई राशि एवं ग्रामीणों के द्वारा 3 दिन का श्रमदान कर तालाब का मेड़ बनाया गया है। लेकिन उस कार्य हेतु फर्जी बिल व्हाउचर बनाकर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है।

इसी तरह मंडली मरम्मत कार्य में भी ग्रामवासियों द्वारा श्रमदान कर निर्माण किया गया है। जिसमें पंचायत के द्वारा 17 जून 2024 को 23 हजार रुपए का फर्जी आहरण किया गया है। साथ ही सरपंच के द्वारा मिलान कैलाश के नाम से फर्जी बिल व्हाउचर बनाकर ईंट.पत्थर का भुगतान किया गया है। जबकि कैलाश के द्वारा पंचायत में कोई भी कार्य नहीं किया गया है। 

ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम भालूकोना में कोई भी नाली निर्माण नहीं किया गया है। लेकिन नाली निर्माण के कार्य में भुगतान किया गया है। सरपंच द्वारा अपने नौकर श्रीधर के नाम से फर्जी बिल व्हाउचर बनाकर भुगतान कर शासकीय राशि प्राप्त किया गया एवं मंडली निर्माण में डोलामणी के द्वारा कभी भी मजदूरी नहीं किया गया है फिर भी उसके नाम से भी भुगतान बताया गया है। बिजली बिल स्ट्रीट लाईट के नाम से लगभग 1 लाख रुपये का फर्जी आहरण एवं किर्तन मंडली के ड्रेस कोड के नाम से भी 40 हजार रुपए का भुगतान किया गया है। 

इसी तरह अन्य कई कार्यों में फर्जी भुगतान किये जाने की शिकायत करते हुए ग्रामीणों के द्वारा उपरोक्त समस्त कार्यों की उचित जांच व कार्रवाई करने की मांग की गई है। 
इस संबंध में सचिव अरूण प्रधान से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सभी कार्य नियमानुसार प्रस्ताव के हिसाब से ही किये गए हैं। ग्रामीणों का आरोप निराधार है। 

 


अन्य पोस्ट