महासमुन्द
महासमुंद, 22 जनवरी। महासमुंद पुलिस ने ड्रग डिस्पोजल पखवाड़ा के तहत आज ग्राम मुढ़ेना स्थित बालाजी पावर प्लांट में लगभग डेढ़ करोड़ के 938. 545 किलो गांजा का नष्टीकरण किया।
मालूम हो कि महासमुंद की पुलिस ने वर्ष 2016 से वर्ष 2024 के विभिन्न थानों के 33 प्रकरण में जब्त गांजा का सत्यापन ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट से कराकर व गांजे का नूमाना जांच कराकर पर्यावरण व जहां गांजा नष्टीकरण करना है, उनसे एनओसी प्राप्त कर मिनिस्ट्री आफ होम अफेयर एम एच ए के 2022 के गाइड लाइन के अनुरुप जिला स्तरीय गठित टीम (एस पी, अतिरिक्त एस पी, आबकारी) के समक्ष गांजे का नष्टीकरण बाला जी पावर प्लॉट के बायलर में किया।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह ने बताया कि ड्रग डिस्पोजल पखवाड़ा के तहत गांजे का नष्टीकरण शासन के गाइड लाइन के अनुरूप किया गया ।गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी महासमुंद में 44 हजार किलोग्राम गांजा का नष्टीकरण किया गया था ।