महासमुन्द

अधिकारी-कर्मचारियों को बगैर अनुमति मुख्यालय नहीं छोडऩे के निर्देश
22-Jan-2025 2:57 PM
 अधिकारी-कर्मचारियों को बगैर अनुमति मुख्यालय नहीं छोडऩे के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 जनवरी। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में कल समय सीमा की बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने सभी शासकीय अधिकारी कर्मचारियों को आदर्श आचार संहिता का अनिवार्यत: पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होते ही सभी निर्वाचन आयोग के अधीन हो गए है। अत: आचार संहिता का पालन कड़ाई से करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान कोई भी शासकीय अधिकारी कर्मचारी बिना कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुमति के न ही अवकाश पर जाएंगे और न ही मुख्यालय छोड़ सकेंगे।

               श्री आलोक ने बताया कि जिले में नगरीय निकाय अंतर्गत नगरपालिका महासमुंद, बागबाहरा, सरायपाली एवं नगर पंचायत अंतर्गत पिथौरा, बसना, तुमगांव की चुनाव प्रक्रिया के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन, स्थान सीटों के आरक्षण के संबंध में सूचना का प्रकाशन बुधवार आज 22 जनवरी 2025 को सुबह 10:30 बजे किया जाएगा।  उन्होंने निर्वाचन में संलग्न सभी अधिकारी-कर्मचारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का बारीकी से अध्ययन करने के निर्देश दिए है। इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की प्रक्रिया तीन चरणों में सम्पन्न होगी। चुनाव प्रक्रिया के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्वाचन की सूचना का प्रकाशनए स्थान सीटों के आरक्षण के संबंध में सूचना का प्रकाशन सोमवार 27 जनवरी 2025 को किया जाएगा।

               अपर कलेक्टर रवि साहू ने बताया कि संपत्ति विरूपण के तहत कार्यवाही प्रारम्भ हो गई है। राजनीतिक पोस्टर बैनर को निकालने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों से प्रतिदिन रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि आयोग ने स्पष्ट किया है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर समारोह आयोजित किए जा सकते हैं। लेकिन इनमें राजनीतिक प्रचार.प्रसार पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, रविराज ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट