महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जनवरी। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश झाबक ने प्रदेश सचिव संजय यादव व साथियों संग कल प्रेसक्लब भवन में एक वार्ता लेकर स्पष्ट किया है कि नगरी निकाय चुनाव में जिले भर के निकायों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार खड़े होंगे। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व पार्षद पंकज साहू ने अपने 100 कार्यकर्ताओं के साथ आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव संजय यादव, उपाध्यक्ष अशोक सोनी, महासमुंद जिले की महिला जिलाध्यक्ष मेघा चंद्राकर, दिलीप साहू, रमेश बंजारे, अंशुल साहू, दिनेश, दीन बंधु,भुरवा, आजम शेख ने बताया कि कांग्रेस और भाजपा से मतदाता त्रस्त हैं। अब नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर इस बार आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। महासमुंद के पूरे तीस वार्डों में आप अपना प्रत्याशी खड़ी करेगी।
इनका कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अलावा मेन रोड पर चौराहों में जितनी सरकारी और प्राइवेट बिल्डिंग हंै, उन सबको एक रंग में रंगने तथा शहर के तमाम घरों के सामने नेम प्लेट लगाने का प्लान भी आम आदमी का है। नेम प्लेट में वार्ड का नंबर भी रहेगा। इस तरह के और कई नए कार्य आम आदमी पार्टी करेगी। उनका कहना है कि लोगों में परिवर्तन की चाह है और एक नया परिणाम देखने को मिलेगा।