महासमुन्द

बरसों बाद मिला स्वामित्व अधिकार, कार्ड पाकर भूमि मालिकों के चेहरे खिले, पीएम-सीएम को धन्यवाद
19-Jan-2025 2:15 PM
बरसों बाद मिला स्वामित्व अधिकार, कार्ड पाकर भूमि मालिकों के चेहरे खिले, पीएम-सीएम को धन्यवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जनवरी।
शनिवार को स्वामित्व कार्ड वितरण कार्यक्रम में स्वामित्व कार्ड पाकर बरसों से बिना अधिकार पत्र के रह रहे मकान मालिकों और भू-स्वामियों के चेहरे खिल गए। 

स्वामित्व कार्ड पाकर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार को धन्यवाद दिया। महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम परस_ी के इंदरमन, बुधारू साहू, सखाराम ध्रुव के चेहरे पर अद्भुत खुशी झलक रही थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों ऐसे 25 भू मालिकों को स्वामित्व कार्ड प्राप्त हुआ। 

मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए हार पहनाई और स्वामित्व कार्ड प्रदान किया। ऐसे ही हितग्राही इंदरमन ध्रुव और बुधारू साहू ने बताया कि वे लगभग 23-30 साल से ग्राम परस_ी में निवास कर रहे थे। लेकिन आज तक मालिकाना हक नहीं मिलने के कारण कई पीढिय़ों से कई येजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते थे। आज हमें वास्तविक मालिकाना हक प्राप्त हुआ है सच मायने में आज हम मकान के मालिक बन गए हैं। अपने परिवार सहित जीवन यापन कर रहे हैं। हमारे परिवारों के लिए भी बड़ी सौगात है। 

इंदरमन को 98.35 वर्ग मीटर मकान का भू.स्वामित्व अधिकार मिला। इसी तरह बुधारू साहू को 58.22 वर्ग मीटर का भू.स्वामित्व का अधिकार मिला है। वहीं करीब 30 साल से 511.46 वर्ग मीटर खेत में किसानी कर रहे सखाराम ध्रुव के खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने बताया कि आज मुझे जमीन का मालिकाना हक मिल गया है। इससे उन्हें अपनी संपत्ति को वित्तीय संपत्ति के रूप में उपयोग करने और ऋण प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इस अभिनव योजना के लिए सभी लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है। मालूम हो कि स्वामित्व योजना अंतर्गत ड्रोन सर्वेक्षण तकनीक के माध्यम से तैयार किए गए मालिकाना दस्तावेज ग्रामीण नागरिकों को उनकी संपत्ति पर स्वामित्व का स्पष्ट प्रमाण प्रदान करते हैं। स्वामित्व दस्तावेज मिलने के बाद ग्रामीण नागरिक अपनी संपत्ति को वित्तीय संपत्ति के रूप में उपयोग कर सकते हैं। इससे उन्हें ऋण प्राप्त करने और आर्थिक स्थिरता हासिल करने में मदद मिलेगी। 

स्वामित्व योजना के तहत महासमुंद जिले के 128 गांवों के 10850 लाभार्थियों को स्वामित्व कार्ड प्रदान किया गया है। जिसमें महासमुंद तहसील अंतर्गत 47 गांवों के 4609, बागबाहरा के 9 गांव के 475, कोमाखान के 12 गांव के 1226, पिथौरा के 31 गांवों के 2819, बसना के 5 गांव के 302 एवं सरायपाली तहसील अंतर्गत 24 गांवों के 1419 लाभार्थी शामिल है। 


अन्य पोस्ट