महासमुन्द
जनदर्शन में मिली शिकायत पर कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जनवरी। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के समक्ष ग्रामीणों ने अवैध शराब विक्रय और निर्माण की शिकायत मंगलवार को जनदर्शन कार्यक्रम में की थी। जिसमें कलेक्टर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने आबकारी विभाग को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। अत: कलेक्टर के निर्देशन में बुधवार की सुबह ही आबकारी एवं खाद्य विभाग की टीम के साथ मौके पर जाकर कार्रवाई की गई।
जिला आबकारी अधिकारी निधीष कोष्टी तथा मंडल प्रभारी दीपक ठाकुर के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त सांकरा अंतर्गत ग्राम अंसुला में अंतरा नाला के किनारे सरार में लावारिस अवस्था में चार चढ़ी हुई भट्टी में सफेद प्लास्टिक पॉलीथीन में कुल 408 लीटर महुआ शराब बाजार मूल्य 81600 रुपए एवं 23 नीले रंग के प्लास्टिक डिब्बे में महुआ लाहन प्रत्येक में 250 किलोग्राम कुल 5750 किलोग्रामए बाजार मूल्य 2लाख,87 हजार500 रुपए कुल बाजार मूल्य 3लाख, 69 हजार,100 रुपए की मदिरा एवं सामग्री बरामद कर जब्ती कार्रवाई की गई। साथ ही 7 गैस सिलेंडर एवं 5 नग चूल्हा सेट को खाद्य विभाग के द्वारा जब्त किया गया।
उक्त सामग्री एवं मदिरा के संबंध में पतासाजी करने पर स्वामित्व के संबंध में पता नहीं चल पाया। जांच परीक्षण उपरांत महुआ शराब को जप्त कर महुआ लाहन का नष्टीकरण मौके पर किया गया एवं उक्त अज्ञात व्यक्ति द्वारा अवैध शराब धारणध्निर्माण करना आबकारी अधिनियम की धारा 34-1, क, च, 34-2 के तहत अपराध होने पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।