महासमुन्द

तहसील में वर्षों से लंबित मामले, समर्थकों संग मंत्री से मिलने जा रहे पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा को पुलिस ने रोका
16-Jan-2025 1:50 PM
तहसील में वर्षों से लंबित मामले, समर्थकों संग मंत्री से मिलने जा रहे पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा को पुलिस ने रोका

आधे घंटे तक जाम में फंसे  रहे डिप्टी कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 16 जनवरी। तहसील दफ्तर में बरसों से लंबित मामलों को लेकर कल पूर्व विधायक अपने समर्थकों संग राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से मुलाकात करने जा रहे थे कि उन्हें पुलिस ने रायपुर मार्ग स्थित मणिकंचन केन्द्र के पास रोक दिया। इसी समय रायपुर की ओर से डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा भी अपने काफिले के साथ आ रहे थे।

यहां आशीष कर्मा लगभग 20 मिनट तक जाम में फंसे रहे। डिप्टी कलेक्टर कर्मा के आने के बाद पुलिस ने किसानों तथा चोपड़ा समर्थकों को हटने कहा। लेकिन वे इस बात पर अड़े रहे कि पुलिस ने हमें दुर्भावनावश रोका है, हम नहीं हटेंगे। हालांकि डिप्टी कलेक्टर कर्मा व उनके काफिले को पुलिस ने साराडीह की ओर से कलेक्टोरेट महासमुंद के लिए रवाना किया। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार सुबह बरोंडा बाजार सहित आसपास के 60 किसान डॉ. विमल चोपड़ा के साथ अपनी समस्या को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा तथा प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल से मिलने निकल रहे थे। लेकिन 30 किसानों को पुलिस ने बरोंडा बाजार में ही रोक दिया। जबकि 25 किसान पृथक-पृथक वाहनों से राजधानी के लिए रवाना हो चुके थे। स्वयं डॉ. चोपड़ा अपनी कार से नदी मोड़ पहुंच चुके थे। उनके ठीक पीछे चोपड़ा समर्थक और किसान 2 कारों में राजधानी जा रहे थे।

इस बीच पूर्व से तैनात जिला पुलिस प्रशासन ने पुलिस बल लगाकर राजधानी जा रहे लोगों को चेकिंग का बहाना बनाकर खरोरा के पास वाहन अड़ाकर रास्ता रोक दिया। यहां जाम की स्थिति निर्मित हो गई और लगभग 2 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया।  आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने यहां ग्राम बरोंडा बाजार के लगभग 35 लोगों को बिना किसी वजह गिरफ्तार कर लिया। तभी पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ.विमल चोपड़ा वहां पहुंचे। तीखी बहस के बीच लगभग एक घंटे बाद डॉ. चोपड़ा और उनके समर्थकों, पीडि़तों को आगे जाने दिया। शहर में कल दिन भर इसी बात की चर्चा थी कि ग्राम बरोंडा बाजार के 35 पीडि़तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। डॉ. चोपड़ा का इस मामले में कहना है कि-जिला प्रशासन आम लोगों को अपना काम करने से रोक रही है। जनता के कार्यों में अड़ंगा डाल रही है। और यदि पीडि़त व्यक्ति अपनी समस्याओं को मंत्री के समक्ष अवगत कराने की बात करता है तो उसमें भी प्रशासन को तकलीफ  हो रही है। पुलिस ने कल बल लगाकर जान-बूझकर प्लान करके पीडि़तों को मंत्री से मिलने रोका।

डॉ.विमल चोपड़ा ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अगर इस प्रकार की लापरवाही और जनता को जनप्रतिनिधियों से मिलने से रोका गया तो इन अधिकारियों की मनमानी, प्रशासन की अनियमितता,भर्राशाही व भ्रष्टाचार की शिकायत मुख्यमंत्री के समक्ष करेंगे और इसकी जांच करवाते हुए समस्त दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

उन्होंने बताया कि पुलिस के हटने के पश्चात पीडि़त लोग रायपुर पहुंचे। जहां सभी ने डॉ. चोपड़ा ने नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से भेंट की और लोगों के वर्षों पुराने लंबित प्रकरणों के निराकरण न होने और प्रशासन द्वारा नेताओं से मिलने हेतु रोकने के बारे में अवगत कराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने लोगों के वर्षों पुराने प्रकरणों के निराकरण न होने पर आश्चर्य जताया।

 डॉ. चोपड़ा के मुताबिक किरण सिंहदेव ने महासमुंद एसपी समेत अन्य सभी अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई। उन्होंने महासमुंद कलेक्टर को दो तीन बार फ ोन लगाया गया फिर भी कलेक्टर ने फ ोन रिसीव नहीं किया और ना ही कोई प्रति उत्तर दिया। इसके पश्चात उन्होंने  मुख्यमंत्री के सचिव को फ ोन लगाकर पीडि़तों के समस्याओं के निराकरण की बात कही। महासमुंद कलेक्टर के फ ोन रिसीव न करने पर नाराजगी जताई और पीडि़तों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पीडि़त किसानों की सभी समस्याओं और उनके निराकरण की आवश्यक रूप से चर्चा करेंगे।

डॉ. चोपड़ा के मुताबिक पीडि़तों ने राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा से उनके शासकीय निवास कार्यालय पर जाकर भेंट की और परेशानी बताई। जिस पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने महासमुंद कलेक्टर को फोन कर निर्देश दिया कि जल्द से जल्द पीडि़तों के प्रकरणों का निराकरण करें और बिना किसी वजह के प्रकरणों को लंबित न रखें। लोगों के शासकीय कार्यों के क्रियान्वयन में उनकी सहायता करें। इसके बाद सभी प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल के शासकीय निवास कार्यालय पहुंचे। लेकिन प्रभारी मंत्री दिल्ली प्रवास पर थे। अत: सभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान ग्राम बरोंडा बाजार, पाली,बेमचा के ग्रामीण और महासमुंद शहर से लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट