महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 जनवरी। महासमुंद पुलिस ने ग्राम खुसरूपाली रोड के पास हुई झपटमारी का खुलासा करते हुए बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति से बैंक से पैसा निकाल कर घर जाते समय झपटमारी करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है।
आरोपी ने सात दिन पहले मोटर साइकिल चोरी कर घटना को अंजाम दिया था। आरोपी के कब्जे से झपटमारी के नगदी रकम 44 हजार रुपए बरामद हुए। इस तरह पुलिस की टीम ने 48 घंटों के भीतर इस घटना का खुलासा किया है। साइबर सेल एवं चौकी भवरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी हरिशचन्द्र यादव सा. ग्राम उपरिया ने चौकी भवरपुर में आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 07 जनवरी 2025 को सहकारी बैंक भंवरपुर से 49 हजार रुपए निकालकर अपने घर उमरिया पैदल जा रहा था। रास्ते में खुसरूपाली मोड के पहले मेन रोड में किसी अज्ञात मोटर साइकिल चालक ने पीछे से आकर मुझसे 49 हजार रुपए को झपटकर ले गया हैै।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी भंवरपुर थाना बसना में अपराध/धारा 304(2) बी.एन.एस. का प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस की टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज देखा तथा मुखबिर को सक्रिय कर अज्ञात आरोपी के बारे में पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम जिला सहकारी बैंक भंवरपुर के पास उक्त मोटर साइकिल एवं चालक के हुलिए की व्यक्ति की पतासाजी कर ही रही थी कि सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर उक्त मोटर साइकिल और व्यक्ति दिखा। जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम केशव प्रसाद खुंटे तिलईपाली थाना सरसींवा जिला सारंगढ बिलाईगढ़ होना बताया। बताया कि घटना दिनांक को चोरी के एक लीवो मोटरसाइकिल में पैसा झपटने की नीयत से सहकारी बैंक भंवरपुर आया था. उसी वक्त बुजुर्ग व्यक्ति भंवरपुर से बसना मार्ग की ओर पैदल जाने लगा तो मोटर साइकिल से बुजुर्ग का पीछा करने लगा। वह बुजुर्ग व्यक्ति सरायपाली जाने वाले रोड में मुड़ गया।
धीरे-धीरे मो.सा. से उसका पीछा करते हुए आगे बढ़ा और जब बुजुर्ग व्यक्ति रोड में सूनसान जगह पर पहुंचा तो मोटर साइकिल से तेजी से उसके पीछे पहुंचकर उसके गमछे को झपटा और आगे की ओर भाग गया। उस बुजुर्ग व्यक्ति के गमछे में कुल 49 हजार रुपए था।
पुलिस टीम के द्वारा आरोपी के कब्जे से एक काले रंग की लियो होण्डा गाड़ी तथा झपटमारी की गई नगदी रकम 44 हजार रुपए को जब्त किया।
आरोपी केशव प्रसाद खुटे के विरूध्द चौकी भंवरपुर थाना बसना में अपराध धारा 304(2) बी.एस.एस. के तहत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।