महासमुन्द

जिले के 15 हजार से अधिक किसान धान बेचने से हो जाएंगे वंचित - विनोद चंद्राकर
10-Jan-2025 3:06 PM
जिले के 15 हजार से अधिक किसान धान बेचने से हो जाएंगे वंचित - विनोद चंद्राकर

अव्यवस्था के चलते किसान परेशान,  4.82 लाख टन धान जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 जनवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि सरकार के धान खरीदी में अव्यवस्था के चलते पूरे प्रदेश के किसान परेशान हैं। आलम यह हो गया है कि प्रदेश सहित महासमुंद जिले के अधिकांश खरीदी केंद्रों में उठाव नहीं हो पाने के कारण जाम के हालात निर्मित हो रहे हैं। उठाव नहीं होने से समितियों को सूखत की चिंता सताने लगी है।  श्री चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद जिले में 182 खरीदी केंद्रों के माध्यम से 7 जनवरी 2025 तक लगभग 7.94 लाख टन धान की खरीदी हुई है। जिसमें से मिलरों को 2.38 लाख टन तथा संग्रहण केंद्रों को 80 हजार टन धान जारी किया गया है। शासकीय आंकड़ों के अनुसार अभी भी धान खरीदी केंद्रों में आधे से अधिक धान 4.82 लाख टन जाम पड़ा है। उठाव नहीं होने से समितियों को सूखत तथा किसानों को धान बेचने में परेशानी हो रही है। श्री चंद्राकर ने कहा कि जिले में धान खरीदी के लिए कुल 1 लाख 62 हजार तैंतीस किसान पंजीकृत हैं। 1 लाख 29 हजार 382 किसानों से कुल 7.94 लाख टन की खरीदी हुई है। अभी भी लगभग 32 हजार पंजीकृत किसान धान नहीं बेच पाए हैं। धान खरीदी का समय 30 जनवरी तक का है। शासकीय अवकाश, रविवार अवकाश आदि छोडक़र केवल 15 दिन ही खरीदी के लिए शेष है। शासकीय आंकड़ों के अनुसार 182 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग औसत 1100 किसानों से धान खरीदी हो रही है। वह भी खरीदी लिमिट के आधार पर। ऐसे में केवल 15-16 दिन में भी शेष 33 हजार किसानों से धान खरीदी कर पाना संभव नहीं हो सकता। लगभग 15 हजार से अधिक किसान तय सीमा तक धान बेच नहीं पाएंगे। इसके अलावा धान संग्रहण केंद्रों में बफर लिमिट से अधिक धान जाम हो चुका है, जिसके कारण प्रतिदिन औसत किसानों से खरीदी पर भी प्रभाव पड़ेगा। जिससे धान बेचने से वंचित किसानों की संख्या 15 हजार से भी अधिक होने का अनुमान है। महासमुंद जिले के 182 में 90 खरीदी केंद्रों में बफर लिमिट से अधिक धान जाम हो चुका है। जिले में अब तक कुल खरीदी का 60 प्रतिशत से अधिक धान सोसाइटियों में ही जाम है। परिवहन और मिलिंग के अभाव में सोसायटीयां आगे की खरीदी से हाथ खड़ा कर रहे हैं। बारदाने की समस्या को लेकर कई बार किसान विरोध दर्ज करा चुके हैं। विगत दिनों भोरिंग के किसानों ने भी बारदाने की अनुपलब्धता को लेकर खरीदी केंद्र में विरोध दर्ज कराया था। उन्हें फटे बारदाने उपलब्ध कराए गए, जिसमें धान पर पाना संभव ही नहीं था।

श्री चंद्राकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के किसान विरोधी सोच और दुर्भावना के चलते किसान आक्रोशित हैं।

3100 रु. प्रति क्विंटल की दर से एक मुफ्त पैसा किसी किसान को नहीं मिला, 21 क्विंटल प्रति एकड़ का दावा भी झूठा निकला। अधिकतम खरीदी राज्य में 20 क्विंटल 40 किलो प्रति एकड़ के दर से ही हुआ है। हर ग्राम पंचायत में नगद भुगतान के लिए काउंटर खोलने का मोदी का वादा भी जुमला निकला। सरकार की उपेक्षा और अकर्मण्यता के चलते सोसाइटियों की माली हालत दिन-ब-दिन खराब हो रही है। फड में जाम धान के सूखत के चलते सोसाइटियों को भारी नुकसान होना तय है।


अन्य पोस्ट