महासमुन्द

पीएम जनमन योजना से हमारी जिंदगी बदल गई-घासीराम
09-Jan-2025 3:30 PM
पीएम जनमन योजना से हमारी जिंदगी बदल गई-घासीराम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जनवरी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के महासमुंद दौरे पर स्टॉल अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री बेहद सादगी और शालीन तरीके से हितग्राहियों से मिले। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के स्टॉल में 5 हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसायकल की चाबी सौंपी। इस दौरान हितग्राही मनोज कुमार, रमेश कुमार कन्नौजे भावुक दिखे। रमेश ने कहा कि यह मेरे लिए एक अविस्मरणीय क्षण था। मुख्यमंत्री के हाथों मुझे मोटराइज्ड ट्रायसायकल की चाबी मिली है। उन्होंने मेरे कांधे पर हाथ रखकर मुझसे मेरा हाल पूछा और मुझे चाबी सौंपी। इस मार्मिक क्षण को मैं जीवन भर नहीं भुलूंगा।

इसी तरह आदिवासी विकास विभाग के स्टॉल में जब मुख्यमंत्री पहुंचे तो ग्राम सोनासिल्ली के घासीराम कमार ने बड़े ही अपनेपन से स्वयं द्वारा निर्मित बांस से बनी राष्ट्रीय पक्षी मयूर की बेहद खूबसूरत कलाकृति भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनकी कलाकृति को सराहते हुए उनके कामकाज की जानकारी ली। 

उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के तहत अब मेरे घर में पीने का पानी मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवास में सुरक्षित तरीके से रह रहे है। बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध है। योजना के तहत मेरा बेटा दुर्गेश कमार स्कूल शिक्षा विभाग में भृत्य के पद पर सेवा दे रहा है। 

उन्होंने बताया कि वे बंसोड़ का काम करते हैं और बांस की सामग्री और कलाकृतियां बनाते हंै। उन्हीं से जीवन यापन चलता है। घासीराम कमार ने मुख्यमंत्री द्वारा आत्मीयता पूर्वक उनकी बात को सुनने से बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि मैं पहली बार मुख्यमंत्री से मिला यह मेरा सौभाग्य है। घासीराम ने अपने गांव की कहानी बताते हुए कहा कि मेरे गांव में 9 परिवार है और सबके घर में अब पानी, बिजली और सीसी रोड की पहुंच है।

मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में 6 माह के शिशु अद्विक वर्मा को अपने हाथों से अन्नप्राशन कराया। यह उनकी माता के लिए विशेष गौरव का पल था।
मुख्यमंत्री ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। इसी तरह स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री द्वारा वृद्ध माता को आरोग्य किट प्रदान किया गया। इससे वे काफी खुश नजर आई। मुख्यमंत्री के इस आगमन पर हितग्राहियों ने कहा कि सादगी और संवेदनशीलता से भरे मुख्यमंत्री वास्तव में सुशासन की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। 
 


अन्य पोस्ट