महासमुन्द
17 हाइड्रा, 4 जेसीबी, 12 मिक्सर मशीन के उपयोग पर रोक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जनवरी। मेसर्स करणी कृपा पावर प्राइवेट लिमिटेड में सप्ताह भर पूर्व डीजल टैंक निर्माण कार्य के दौरान हुई श्रमिक की मौत मामले को लेकर कल श्रम तथा औद्योगिक सहायक संचालक स्वास्थ्य की संयुक्त टीम ने पुन: घटना स्थल पहुंचकर पॉवर प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि निर्माणाधीन क्षेत्र में लगी वाहनों तथा अन्य मशीनों में सुरक्षा संबंधित अनेक कमियां थी। फलस्वरूप सभी उपकरणों के उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर कल श्रम पदाधिकारी डीएन पात्र तथा सहायक संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मनीष कुंजाम की टीम निरीक्षण करने पहुंची थी। इस दौरान 17 हाइड्रा, 6 क्रेन, 4 जेसीबी, 12 मिक्सर मशीन में सुरक्षा के तमाम इंतजामों में कमी पाई गई। इस कारण से इन सभी उपकरणों के उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। साथ ही सभी मशीनों का फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने और सभी सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही ठेकेदार मेसर्स जया इंटरप्राइजेस का निरीक्षण विभिन्न श्रम अधिनियमों के अंतर्गत किया गया। निरीक्षण में कई कमियां पाई गईं। जिन पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। ठेकेदार को 07 दिनों के भीतर इन कमियों का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और श्रम कानूनों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित पक्षों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। मालूम हो कि सप्ताह भर पूर्व ही करणी कृपा पॉवर प्राइवेट लिमिटेड में डीजल पंप टैंक निर्माण के लिए 8 फीट नीचे गड्ढे में उतरकर कांक्रिट फैला रहे श्रमिक पर लोडेड मिक्सर मशीन तथा ट्रक रिवर्स होते हुए जा गिरी। जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है।
गौरतलब है कि महासमुंद जिले में 250 से अधिक उद्योग हैं। बिरकोनी औद्योगिक इलाके में ही 20 से अधिक बड़े उद्योग हैं। करणी कृपा पावर प्लांट के पूर्व कोई भी अधिकारी किसी भी उद्योग की जांच या निरीक्षण करने उपयोग क्षेत्र में कदम ही नहीं रखते थे। लेकिन करणी कृपा प्लांट में हुए हादसे के बाद श्रम तथा औद्योगिक स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। यही नहीं जांच को लेकर विज्ञप्ति भी जारी की जा रही है।