महासमुन्द
सीएम की रवानगी के बाद घर वापस जाने छोड़ा, एक को आज सुबह छोड़ा गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जनवरी। मेसर्स करणी कृपा पावर प्रायवेट लिमिटेड में व्याप्त अनियमितता को लेकर सीएम को ज्ञापन देने आ रहे 76 ग्रामीणों को सोमवार को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों में रोका तथा उन्हें शाम 7.30 बजे तक थानों में बिठाए रखा। सीएम के जाने के बाद सभी को पृथक- पृथक समय में वापस छोड़ा गया। पकड़े गए ग्रामीणों में 17 पुरुष तथा बाकी सभी महिलाएं थीं।
76 लोगों में 1 को कोतवाली, 5 को खल्लारी, 25 को पिथौरा तथा 45 लोगों को बसना थाने में बिठाया गया था तथा कार्यक्रम खत्म होने के बाद उन्हें छोड़ा गया। पकड़े गए ग्रामीण व किसान पुलिस को कहते रहे कि उन्हें किस अपराध में पकड़ा गया है, लेकिन पुलिस ने उन्हें कोई जवाब नहीं दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कल जिला मुख्यालय के स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अनेक निर्माण कार्यों को लेकर वहां पहुंचे थे। जानकारी मिलने पर पूर्व योजनानुसार करणीकृपा के खिलाफ ससत्याग्रह कर रहे किसान, ग्रामीण मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने 2 वाहनों तथा कुछ पैदल जिला मुख्यालय आ रहे थे। इनमें से अधिकांश लोगों को बेमचा जेल के पास ही रोका गया तथा कुछ को बसना और कुछ को पिथौरा थाने में बिठा दिया गया। जो पहले ही मुख्यालय पहुंच चुके थे, उन्हें सिटी कोतवाली में बिठाया गया। सभी स्थानों पर किसानों ने थानों में ही थानेदारों को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा।
किसान नेता अशोक कश्यप ने बताया कि करणी कृपा पावर प्राइवेट लिमिटेड खैरझिटी, कौंवाझर जो शासकीय भूमि, आदिवासी भूमि, किसानों की भूमि पर बलात कब्जा, सशर्त डायवर्सन जैसे अवैध तरीके से संचालित हो रहा है। प्रदूषण सहित विभिन्न अनिमितताओं
के साथ सुरक्षाओं के अभाव के चलते नियमों का पालन न करना, उच्च न्यायालय के आदेश का परिपालन न करना जैसे विषयों को लेकर ज्ञापन मुख्यमंत्री जनदर्शन में 8 अगस्त 2024 को दिया गया था।
इस संबंध में कार्रवाई की जानकारी के साथ स्मरण ज्ञापन देने कल 06 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री के महासमुंद आगमन पर किसान उन्हें ज्ञापन देने आ रहे थे। अशोक कश्यप, हेमसागर पटेल, नाथूराम सिन्हा, बिसरु ध्रुव को बेमचा में कोमाखान थानेदार नितेश सिंह ठाकुर अपनी वाहन में बिठाकर उन्हें थाना खल्लारी ले गए। किसानों द्वारा किस अपराध में लाया गया है पूछे जाने पर किसी भी प्रकार का जबाब नहीं दिया।
वहीं किसान बिजबिहारी साहू को भी वाहन में बिठाकर लाया गया। अन्य किसान साथी, महिला किसान, उदय चंद्रकार, अवध साहू, तोषण सिन्हा, प्यारेलाल धीवर, धर्मेंद्र यादव,कृष्ण कुमार साहू, दौलत ध्रुव, बैसाखू सिन्हा, शत्रुघ्न साहू, राधा बाई सिन्हा, टुकेश्वरी ध्रुव, रमशीला पटेल, ठगन बाई सिन्हा, धनेश्वरी यादव, रामवती ध्रुव, सुकवारो साहू, फुलेशवरी यादव, बनवासा यादव, पुनई पटेल, पुस्वैया धीवर, जेठिया सतनामी, कुलेश्वरी यादव सहित अनेक किसानों को भी रोका गया तथा थाना में बिठाया गया था। देर रात तक 75 किसान छोड़े जा चुके थे। केवल 1 किसान को कोतवाली में रात रोका गया और आज सुबह ही उसे भी छोड़ दिया गया है।
आम जनता को समस्याएं बताने का पूरा अधिकार-डॉ. विमल चोपड़ा
इस मामले में विज्ञप्ति जारी कर पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने आगे कहा कि इस प्रकार से लोगों को मुख्यमंत्री से मिलने न देना, रोक लगा देना यह उचित नहीं है। यह लोकतांत्रिक प्रणाली है, जिसमें आम जनता को जनप्रतिनिधियों से मिलकर अपनी समस्याएं बताने का पूरा अधिकार है। प्रशासन ने अपनी असफलता छुपाने किसानों को रोका। सीएम के कार्यक्रम के बाद सभी को छोड़ा गया ताकि वे कुछ न कर सकें।
--------------