महासमुन्द

चंडी मंदिर में देखरेख करने वाले पर कैंची से हमला: तीन नाबालिगों पर मामला दर्ज
05-Jan-2025 3:31 PM
चंडी मंदिर में देखरेख करने वाले पर कैंची से हमला: तीन नाबालिगों पर मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 जनवरी। जिले के बागबाहरा समीपस्थ चंडी मंदिर में नित्य प्रति आने वाले भालुओं की सुरक्षा आदि देखरेख करने वाले वन विभाग के सहकर्मी के साथ मारपीट कर कैंची से जख्मी करने की घटना में पुलिस ने तीन नाबालिगों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115-2, 296-3, 5, 351-2 के तहत कल मामला पंजीबद्ध कर कार्रवाई में लिया है।

 चंडी मंदिर परिसर में इस प्रकार की यह पहली घटना है। जानकारी अनुसार उपरोक्त घटना 29 दिसम्बर 2024 की है। शाम के समय भालुओं के लिये नियत स्थान के आसपास पराग पिता मनीराम घृतलहरे अपने सहयोगी राजा चन्द्राकर के साथ दर्शनार्थियों को भालूओं से दूर रखने सहित अन्य व्यवस्था में लगा हुआ था कि विक्की नामक लडक़ा तार घेरा के अंदर आ गय। उसे उन्होंने वहां से बाहर निकाल दिया। इस बात को लेकर उसके 3 साथियों ने आकर पराग घृतलहरे के साथ गाली-गलौज कर हाथ मुक्का से मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी।

               इसी बीच एक युवक ने अपने हाथ में रखे धारदार कैंची से उसके पीठ पर प्रहार कर दिया। घटना के बाद सभी वहां से भाग खड़े हुए। जख्मी पराग को बागबाहरा में उपचार कराया गया। उसकी बांह में चार पांच टांके लगने का पता चला है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों आरोपी नाबालिग हैं तथा अपराधिक प्रवृत्ति के हैं। पुलिस अग्रिम कार्रवाई के लिये डॉक्टरी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। एक अंतराल के बाद चंडी मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में इस प्रकार की पहली घटना है। जिसे लेकर मंदिर प्रशासन चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस से इस दिशा में विशेष ध्यान रखने की बात एवं चंडी मंदिर मार्ग पर एवं आसपास शराब खोरों की गतिविधियों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया है।


अन्य पोस्ट