महासमुन्द

पहले रेकी करते थे, फिर चोरी, एमपी के 2 आरोपी बंदी
05-Jan-2025 3:25 PM
पहले रेकी करते थे, फिर  चोरी, एमपी  के 2 आरोपी बंदी

सवा 9 लाख कीमती जेवर बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 जनवरी। लंबे समय से जिले में सक्रिय रहकर चोरी करने वाले मध्यप्रदेश के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उनके पास से 9 लाख 11 हजार रुपए के सोने, चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त किया गया है।

      इनमें से एक आरोपी का ससुराल खरियार रोड है। जहां से वे रोजाना महासमुंद जिले में घूमकर पहले रेकी करते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी से न केवल पिथौरा थानांतर्गत सोने, चांदी के आभूषण के चोरी का मामला सामने आया। बल्कि कोतवाली थानांतर्गत रमनटोला और सांकरा में चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने कोतवाली, सांकरा व पिथौरा थाना क्षेत्रातंर्गत हुई चार चोरियों के मामले का खुलासा करते हुए कल दोपहर पत्रकारों को बताया कि आरोपी चोरी से पहले रेकी करते थे। बताया कि वार्ड 6 पिथौरा निवासी जिशान अहमद ने 15 दिसंबर को दिनदहाड़े घर का ताला तोडक़र कर सोने चांदी के गहने सहित नकद कुल कीमत व 70 हजार रुपए चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी दिन शाम करीब साढ़े छह बजे पिथौरा निवासी श्रवण निषाद ने घर से सोने चांदी के आभूषण कुल 55 हजार की चोरी का मामला दर्ज कराया था। इसी तरह 14 दिसंबर को सांकरा निवासी सुभाष कॉटक ने 50 हजार रुपए नकदी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इससे पूर्व कोतवाली थानांतर्गत रमनटोला निवासी विजय वर्मा ने 12 दिसंबर की सुबह 10 से दोपहर 2 के मध्य घर से सोने-चांदी के आभूषण कीमत 3 लाख रुपए चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त चोरियों के मामले की पतासाजी के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। इसी दौरान पिथौरा की टीम ने सीसीटीवी फुटेज में दो संदेही देख मुखबीरों को सक्रिय किया। मुखबिर से सूचना मिली कि सीसीटीवी में कैद दोनों व्यक्ति खल्लारी में रुके हैं। सूचना पर उक्त दोनों व्यक्तियों को पकड़ाया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम पता ग्राम चुटकीपुरा, थाना गुनहा, जिला भोपाल मध्यप्रदेश निवासी, गुप्ता जी पारधी 33 साल वार्ड 15 सिवनी मालवा जिला होशंगाबाद मध्यप्रदेश निवासी तथा अली कुमार राठौर 23 साल मध्यप्रदेश बताया है। हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपियों ने पिथौरा में दो, सांकरा में एक और महासमुंद में एक कुल चार जगह चोरी करना स्वीकार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पांडेय ने बताया कि उक्त आरोपी जिले में लंबे समय से सक्रिय थे जो अलग-अलग स्थानों में घूम-घूम कर पहले रेकी करते थे। फि र चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों से एक नग सोने का मंगल सूत्र, 2 नग सोने का रानी हार,5 नग लटकन, 2 नग सोने का कंगन, 1 नग सोने की माला, 3 नग सोने की अंगूठी, 1 जोड़ी सोने का झुमका, 1 नग सोने का लकिट, 1 नग चांदी की करधन, 07 जोड़ी चांदी की पायल, 1 नग चांदी की बाजूबंद, 8 नग चांदी की बिछिया, 1 नग चांदी की ब्रेसलेट, 1 नग चांदी की सिक्का, 1 नग चांदी की अंगूठी सहित साढ़े चार हजार नकद कुल कीमत 9 लाख 11 हजार 500 रुपए सहित 90 हजार की बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट