महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5जनवरी। पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डा. विमल चोपड़ा और साथियों द्वारा शुक्रवार सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय परिसर में राजस्व विभाग के छोटे बड़े प्रकरणों के समस्याओं से पीडि़त लोगों और किसानों की बात सुनी गई। डॉ.चोपड़ा ने लोगों के प्रकरणों को अवलोकन करने के पश्चात् एसडीएम और तहसीलदार से मिलकर चर्चा करना चाहा परन्तु हमेशा की तरह एसडीएम कार्यालय से नदारद रहे।
अत: एसडीएम के अनुपस्थित होने पर कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को फोन लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जिनकी पेशी थी वे लोग अधिकारी के न रहने के कारण भटकते रहे। डॉ. चोपड़ा का कहना है कि विभाग के अधिकारी अपनी मनमानी करते हैं और भ्रष्टाचार करने में लगे हुए हैं। डॉ.चोपड़ा ने बताया कि एसडीएम के अनुपस्थित होने के कारण उनसे चर्चा नहीं हो पाई। जिसके बाद तहसीलदार से मिलकर चर्चा की और जल्द से जल्द प्रकरणों के निराकरण के लिए कहा। साथ ही पुराने लंबित प्रकरणों के निराकरण स्थिति की जानकारी ली। जिस पर तहसीलदार ने कहा कि पुराने प्रकरणों में कुछ प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है और बचे हुए प्रकरणों पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डॉ.चोपड़ा ने कहा कि कलेक्टर द्वारा जल्द से जल्द प्रकरणों के निराकरण का निर्देश दिए जाने के पश्चात् भी अभी तक सभी पुराने लंबित प्रकरणों का निराकरण नहीं किया गया है। मात्र कुछ ही लोगों के प्रकरणों का निराकरण किया गया है। जबकि सभी मामलों का निराकरण अभी तक हो जाना चाहिए था। परन्तु अब तक मामले लंबित ही पड़े हुए हैं। डॉ. चोपड़ा ने आगे कहा कि राजस्व अमले में अनियमितता और भ्रष्टाचार के में लिप्त होने के कारण राजस्व विभाग संबंधी समस्याओं के निराकरण नहीं होने से लोग परेशान और आक्रोशित हैं। इसलिए जल्द से जल्द पीडि़तों के प्रकरणों का निराकरण करने को कहा। लोगों ने कहा कि जल्द से हमारे प्रकरणों का निराकरण नहीं किया गया तो मकर संक्रांति के आसपास पैदल यात्रा कर मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के समक्ष जाकर भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की शिकायत करेंगे और सभी लंबित पड़े प्रकरणों के निराकरण की बात करेंगे।