महासमुन्द

गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल हुए विधायक
01-Jan-2025 2:56 PM
गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल हुए विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1 जनवरी। मंगलवार को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ग्राम खैरझिटी में आयोजित बाबा गुरु घासीदास की जयंती समारोह में शामिल हुए। साथ ही सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।

बाबा गुरु घासीदास की जयंती समारोह में पहुंचे विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने जैतखाम की पूजा की। इस अवसर पर उन्होंने बाबा गुरु घासीदास को याद करते हुए कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर हम मानवता की परिभाषा को समझ सकते हैं। उनके द्वारा दिए गए ज्ञान का महत्व सिर्फ  प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश में है। मनखे मनखे एक समान का संदेश देने वाले बाबा गुरु घासीदास जी हमेशा अमर रहेंगे। उनके दिखाए सत्य मार्ग पर चलकर बड़ी से बड़ी कठिनाई दूर हो जाती है। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश साहू, पवन पटेल, पप्पू पटेल, प्रकाश शर्मा सहित ग्रामीणजन उपस्थित थें। ग्राम खैरझिटी में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। विधि विधान से पूजन कर निर्माण कार्य का शुभांरभ किया गया। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि हमारी सरकार में शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की गति तेज हुई है। हमारा उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए लगातार विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है।


अन्य पोस्ट