महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 31 दिसंबर। स्थानीय वन परिक्षेत्र के बुंदेली उप वन क्षेत्र के कक्ष क्र 220 एवं 221 में फ़ेंसिंग पोल यानी बाड़ लगाने वाले खंभे के साथ लगाई गई कंटीली तार अभी से गिरने लगी है। जिससे शासन को लाखों की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
पिथौरा वन परिक्षेत्र के बुंदेली क्षेत्र में शासन द्वारा जंगलों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग करवाया जा रहा है। इस कार्य के लिए उपयोग में लाये जाने वाले सीमेंट के पोल अत्यंत निम्न स्तर के होने के कारण वे लगते लगते ही टूट रहे हंै।
इसी तरह इन पोल को जमीन में लगाने के लिए सीमेंट का मसाला डाला जाता है। परन्तु प्रत्यक्ष देखने पर पता चला कि सीमेंट पोल को जमीन में गड़ाए बगैर ही उसे खड़ा कर उसके सभी ओर थोड़ा-थोड़ा सीमेंट मसाला दिखाने के लिए लगाया गया है। चूंकि कार्य की गुणवत्ता निम्नस्तरीय है, लिहाजा अभी से पोल टूटने लगे हंै और कुछ पोल गिर रहे हैं। जिससे इस कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हुआ है।

माना जा रहा है कि अधिकतम 6 माह में उक्त फेंसिंग पूरी तरह उखड़ कर जंगल पूर्ववत हो जाएगा।
जांच की जा रही है- रेंजर
इस सम्बन्ध में स्थानीय रेंजर प्रत्यूष तांडे ने बताया कि शिकायत उनके पास आई है। मामले की जांच कराई जा रही है।