महासमुन्द

शिक्षिका पत्नी के नाम फर्जी दस्तावेज बना ले रहा था महतारी वंदन राशि, घोड़ारी सचिव निलंबित
31-Dec-2024 12:54 PM
 शिक्षिका पत्नी के नाम फर्जी दस्तावेज बना ले रहा था महतारी वंदन राशि, घोड़ारी सचिव निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 31 दिसंबर।
जनपद पंचायत महासमुंद के ग्राम पंचायत घोड़ारी में महिला शिक्षक के द्वारा महतारी वंदना योजना के नाम पर लाभ लेने का मामला सामने आया है। इस मामले में गलत तरीके से फर्जी दस्तावेज बनाकर लाभ दिलाने के मामले में शिक्षिका के पति घोड़ारी सचिव रमाकांत गोस्वामी को जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने निलंबित कर दिया है।

सचिव गोस्वामी पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी नीलम गोस्वामी जो कि शिक्षिका है, के नाम पर महतारी वंदन योजना के फॉर्म गलत जानकारी देकर भरा था और अनैतिक तरीके से इस योजना का लाभ लिया था। उनकी पत्नी ग्राम केशवा के एक स्कूल में पदस्थ है। उनके खाते में हर महीने एक-एक हजार की राशि प्राप्त की गई। 

आरोप है कि रमाकांत गोस्वामी सचिव ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता जोगी की आईडी लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बिना जानकारी दिए अपनी शिक्षा कर्मी पत्नी नीलम गोस्वामी के नाम पर महतारी वंदन योजना का फॉर्म गलत जानकारी देकर भर दिया और पिछले एक साल से उसके खाते में महतारी वंदन योजना की राशि जमा हो रही है। 

इस मामले में यह भी चर्चा है आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का भी मिलीभगत है, लेकिन जिला प्रशासन ने इस मामले में जांच नहीं की है। 


अन्य पोस्ट