महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
पिथौरा, 30 दिसंबर। पिथौरा नगर से करीब 40 किलोमीटर दूर शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि सोनाखान एवं वनांचल क्षेत्र में अभी भी जर्जर सड़के ही दिखाई देती है। शहीद के ग्राम में प्रतिवर्ष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्री आते है। इन सबके सामने ग्रामीण हमेशा से ही सड़क की मांग करते आ रहे हैं, परन्तु विगत 10 वर्षों से ग्रामीणों के प्रयास लगातार असफल ही हो रहे हैं।
शहीद वीर नारायण सिंह के ग्राम सोनाखान निवासी रनसाय यादव ने 'छत्तीसगढ़Ó से चर्चा करते हुए बताया कि बार, बया , राजा देवरी, सोनाखान क्षेत्र वासीयों द्वारा प्रति वर्ष 10 दिसम्बर को शहीद वीर नारायण सिंह जी के शहादत श्रद्धांजलि दिवस पर मुख्यमंत्री से सड़क राज्य मार्ग की मांग करते आ रहे, परन्तु ग्रामीणों की मांग नहीं सुनी।
ज्ञात हो कि यह सड़क राज्य मार्ग ब्रिटिश साम्राज्य के समय में बनी हुई है। जब से छत्तीसगढ़ राज्य बना है तब से सोनाखान, राजा देवरी और बया - बार क्षेत्र वासियों की बहुत ही उम्मीद बनी हुई थी कि अब हमारे गाँव में भी चमचमाती डबल लाइन राज्य सड़क निर्माण होगी।
वनांचल क्षेत्रवासियों की मांग है कि गुरु घासीदास बाबा जी की जन्म भूमि गिरौदपुरी से सोनाखान - राजा देवरी - बया तक डबल लाइन राज्य सड़क बनवा दीजिये। यह सड़क बनने से वनांचल क्षेत्र वासियों को राजधानी रायपुर जाने के लिए और हाईकोर्ट न्यायालय बिलासपुर जाने के लिए सुगम सड़क होगी।