महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 दिसंबर। महासमुंद जिले में ई-केवायसी खातिर 7 फीसद उपभोक्ताओं के लिए शासन ने पांचवीं बार तिथि आगे बढ़ा दी है। इस तरह 4 बार तिथि बढ़ाये जाने के बाद भी जो उपभोक्ता ई-केवायसी तथा राशन कार्ड का नवीनीकरण नहीं करा पाये हैं,वे अब करा सकेंगे।
जिले में कुल 1027062 सदस्य हैं। इनमें से 945730 सदस्य ई केवायसी करा चुके हैं। शासन की ओर से प्रतिदिन विभाग को 8500 ई केवायसी कराने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं सप्ताहवार नवीनीकरण तथा ई केवायसी की रिपोर्ट विभाग शासन को भेज रहा है। तिथि बढऩे के बाद 2991 लोग की प्रगति की रिपोर्ट मिली है। जबकि, 81332 उपभोक्ता अब तक ई केवायसी नहीं कराये हैं। जिले में अब तक 92.8 फीसदी ई केवायसी हो सका है। अब महज 7 फीसदी उपभोक्ता ही शेष रह गये हैं, जिनके लिये तिथि बढ़ाई गई है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इनमें वे लोग शामिल हैं जो कमाने-खाने बाहर जाते हैं। इसके अलावा जिन्हें शासकीय चावल की आवश्यकता ही नहीं हैं, शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 4 बार मौका मिलने के बाद भी उपभोक्ता ई केवायसी में रूचि नहीं ले रहे हैं.लिहाजा पांचवीं बार तिथि बढ़ाना पड़ा। जिन लोगो ने अब तक ईकेवायसी नहीं कराया है उनके लिए स्थिति यह है कि इन्हें राशन लेने के लिए अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग का कहना है कि शासन ने हर उपभोक्ता को राशन मिले इसके लिए 4 बार तारीखें बढ़ाई। लेकिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी कराने में रुचि नहीं दिखाई। मिली जानकारी के अनुसार महज डेढ़ वर्ष में शासन ने ई केवायसी के लिए चार बार तारीखें आगे बढ़ाई ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले। बावजूद महासमुंद जिले में 81332 से अधिक लोगों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है।
फलस्वरूप विभाग ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग असुविधा से बचने के लिये अपने राशन कार्ड का नवीनीकरण और ई केवायसी समय - करवा लें। शासन ने इस बार कड़ाई से सभी को ई केवाईसी कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक जो ई केवाईसी नहीं कराएगा उसे राशन कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित होना पड़ेगा। जिले में कुल 293371 राशन कार्ड हैं। पखवाड़े भर पूर्व मिली प्रगति रिपोर्ट के मुताबिक 282905 आवेदन नवीनीकरण के लिये हैं।
जबकि 10466 आवेदन हेतु शेष हैं। यदि, प्रतिशत की बात करें तो 96.43 फीसदी कार्य हो रही है। इनमें से महासमुंद 2581, बागबाहरा में 2487, पिथौरा 3216, सरायपाली 859, बसना 1323 राशन कार्ड का नवीनीकरण के लिए आवेदन शेष हैं।
ई-केवायसी नहीं होने की वजह से उपभोक्ताओं को शासकीय योजनाओं के लाभ लिये परेशान होना पड़ रहा है। चाहे प्रधानमंत्री आवास योजना हो या फिर मुख्यमंत्री पेंशन योजना, निराश्रित, परित्यकता तथा विधवा पेंशन। अधिकांश योजनाओं के लाभ के लिए हितग्राहियों से योजना के मुताबिक राशन कार्ड की छाया प्रति की मांग की जाती है। बावजूद हितग्राही राशन कार्ड की ई केवायसी कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं।