महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 दिसंबर। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा सरकार ने नगरीय निकाय चुनाव में आरक्षण नीति में छेड़छाड़ कर प्रदेश के बहुसंख्यक वर्ग पिछड़ा वर्ग समुदाय को उनके अधिकारों से वंचित किया है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में ओबीसी का आरक्षण 50 प्रतिशत था। लेकिन हाल ही में जारी अधिसूचना के तहत यह आरक्षण नगण्य कर दिया गया है। आरक्षण में कमी से ओबीसी समाज को काफी नुकसान हुआ है। जिससे आज ओबीसी वर्ग में सरकार के प्रति आक्रोश पनप रहा है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि पहले क्रम में पंचायती राज अधिनियम के तहत् 2024 में आरक्षण को संशोधित करते हुए पिछड़ा वर्ग समाज के लिए निर्धारित 25 प्रतिशत को शिथिल करते हुए 50 प्रतिशत करने का प्रावधान किया गया है। लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। प्रदेश के अनेक हिस्सों में पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण शून्य है। आरक्षण व्यवस्था पूर्णतरू त्रुटिपूर्ण है। महासमुंद जिले के 3 नगर पंचायत व 3 नगर पालिका क्षेत्रों में भी पिछड़ा वर्ग आरक्षण में भारी कटौती की गई है। पिछड़ा वर्ग के वार्डों के आरक्षित सीटों को या तो सामान्य कर दिया गया है या फिर अन्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि आरक्षण नियमों में बदलाव करते वक्त प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा था कि पिछड़ा वर्ग की जहां जनसंख्या ज्यादा है वहां पंचायत और नगरीय निकाय क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग को लाभ दिया जाएगा। लेकिन भाजपा सरकार ने जो नए नियम तय किया है उसमें ओबीसी वर्ग को अलग से कोई आरक्षण का लाभ देने का उल्लेख नहीं है। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, जिला पंचायत एवं नगरीय निकायों में अनुसूचित जातियों व जनजातियों के लिए 50 या उससे अधिक स्थान आरक्षित हो वहां पर पिछड़ा वर्ग के लिए स्थान आरक्षित नहीं करने का स्पष्ट उल्लेख है।
कहा कि पूर्व में कांग्रेस की सरकार द्वारा अनुसूचित क्षेत्रों में भी पिछड़ा वर्ग के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित थीं। लेकिन अब ऐसा नहीं रहा। जिसके चलते अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को नुकसान हो रहा है। भाजपा सरकार ओबीसी विरोधी है।
आरक्षण प्रक्रिया में पिछड़ा वर्ग आयोग की अनुशंसा को भी दरकिनार कर दिया गया है। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि सरकार के दुर्भावना पूर्वक नीतियों के चलते हैं। ओबीसी वर्ग को उनके हक के अनुरूप आरक्षण के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
इस बार बागबाहरा नगर पालिका में पिछड़ा वर्ग को पार्षद पद के लिए मात्र एक सीट ही मिली है। पिछले बार यह संख्या चार थी। जिले के मात्र एक पालिका क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग के अधिकारों पर 75 प्रतिशत कटौती कर दी गई है। इसी तरह अन्य नपं व पालिका क्षेत्रों में भी ओबीसी वर्ग के सीटों को या तो अन्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है या फिर सामान्य कर दिया गया है। जो सीधे अन्य पिछड़ा वर्ग समाज को चुनाव से वंचित करने का षडय़ंत्र है।