महासमुन्द

करणी कृपा प्लांट के खिलाफ आंदोलन से जुड़े किसान अब सामूहिक आत्मदाह की ओर
28-Dec-2024 3:42 PM
करणी कृपा प्लांट के खिलाफ  आंदोलन से जुड़े किसान अब सामूहिक आत्मदाह की ओर

 कहा-पुख्ता दस्तावेजों के साथ शिकायत के बावजूद प्लांट प्रबंधन के खिलाफ  कार्रवाई नहीं 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर।
छग संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि करणी कृपा प्लांट के खिलाफ  आंदोलन से जुड़े किसान, मजदूर, छात्र व ग्रामीण अब सामूहिक आत्मदाह करेंगे। प्लांट के खिलाफ  अनवरत धरना स्थगित जरूर हुआ, लेकिन उनके खिलाफ  कानूनी लड़ाई और कथित अवैध कृत्यों के खिलाफ समय-समय पर आंदोलन जारी है। शासन-प्रशासन का लगातार ध्यान आकर्षित कराए जाने और पुख्ता दस्तावेजों के साथ शिकायत के बावजूद प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई में शासन-प्रशासन नाकाम साबित हुआ है। और तो और उनके पक्ष में न्यायालय द्वारा दिए गए फैसलों का भी क्रियान्वयन नहीं कराया जा सका है। 

प्रेस क्लब में मोर्चा के जागेश्वर प्रसाद, छन्नू साहू, अशोक कश्यप, बृजबिहारी लाल, राधा श्याम बाई सिन्हा, हेमसागर पटेल आदि ने कहा कि सामूहिक आत्मदाह करने संबंधी बैठक जल्द ही ली जाएगी। बैठक के बाद आत्मदाह की तिथि तय की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता चाहे किसी की हो, सभी करणी कृपा के इशारे पर काम कर रही है। कांग्रेस-भाजपा नेताओं ने प्लांट के हित में ही अब तक काम किया। कोई भी प्लांट काबिल कास्त की भूमि पर नहीं लगाया जा सकता। यहां तो किसानों की निजी जमीन भी बलपूर्वक हथिया ली गई है। लगातार आंदोलन और प्रमाणित दस्तावेज देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अब भी कई निजी जमीन प्लांट के कब्जे में है। पत्रकारवार्ता में उपस्थित हेमसागर पटेल ने कहा कि खसरा नं.1103.1 में 25 डिसमिल, 1101 में 28 डिसमिल, 1104 में 1 एकड़ जमीन उनके नाना नरेश्वर प्रसाद पिता रूपलाल पटेल ने 1983 में खरीदी थी। अब प्लांट द्वारा जमीन कब्जे में कर लेने के कारण वह खेती नहीं कर पा रहे हैं।


अन्य पोस्ट