महासमुन्द

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वेडनर स्कूल का स्वर्ण जयंती समारोह
25-Dec-2024 3:46 PM
 रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वेडनर स्कूल का स्वर्ण जयंती समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 दिसंबर।
महासमुंद स्थित वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती समारोह मनाया गया। इस समारोह का आयोजन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, विशेष अतिथि डायसिस एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष रेव्हण् फादर सेबस्टियम पूमटम एवं शाला के मैनेजर रेव्हण् फादर जार्ज कवालम थे। 

मुख्य अतिथि श्री सिंहा ने अपने उद्बोधन में वेडनर स्कूल को नगर का सर्वश्रेष्ठ स्कूल बताते हुए कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित राष्ट्र बनाने का सपनों को इस स्कूल में अच्छी शिक्षा प्राप्त करके निकले बच्चे करेंगे। यहां के विद्यार्थी प्रशासनिक सेवा में, डॉक्टर, इंजीनियर बनकर बहुत ऊंचाई तक पहुंच गए हैं। इसके अलवा उद्योग के क्षेत्र में भी यहां पढ़े विद्यार्थी सफलता की चरम सीमा तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि यहां मैं अपनी बात कहने आया हूं कि इस स्कूल से मुझे जो मार्गदर्शन मिला है वह यहां के शिक्षक त्रिभुवन चंद्राकर से मिला है। जिन्होंने मुझे भौतिकी पढ़ाया। तभी से मैं इस स्कूल की गरिमा को समझ गया। मैं यही बात कहूंगा कि इस स्कूल से निकलकर कभी कोई नेता भी बने जो शासन प्रशासन की बातों को समझें और जनता की सेवा का कार्य करें।

प्राचार्य रेव्ह. फ ादर देवानंद बाघ ने शालेय गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि कई वर्षों से अनवरत यह स्कूल 50 वर्ष पूरी कर चुका है नगर के हृदय स्थल में बसा हुआ यह स्कूल निरंतर विकास और प्रगति की ओर अग्रसर है। इस स्कूल में समस्त सुविधाएं जैसे खेल, कंप्यूटर, स्मार्ट क्लास, लैब, योगा, पुस्तकालय आदि उपलब्ध है। निरंतर उन्नति की ओर अग्रसर सीबीएसई शिक्षा पद्धति  से दी जाने वाली यहां की शिक्षा से अनेक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर खेले जाने वाले खेल में इस स्कूल के छात्र.छात्राओं ने गोल्ड मेडल और सिल्वर मेडल प्राप्त किए हैं। 

शाला की सफलता में कार्यरत शिक्षकगण एवं सेवानृत शिक्षक तथा वे शिक्षक एवं शिक्षिका जो अब इस दुनिया में नहीं है जिनके अथक प्रयास से यह शाला निरंतर प्रगतिशील है। समस्त कर्मचारियों की सराहनीय प्रशंसा करते हुए प्राचार्य ने कहा कि मैं भगवान के आगे नतमस्तक हूं जिन्होंने स्कूल को सफलता की सीढ़ी तक पहुंचाया है। 

शाला नायक जगप्रीत सिंग धनोवा ने शाला की गरिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हमारे लिए बड़े ही सौभाग्य की बात है कि हम इस स्कूल में अध्यनरत हैं। यहां के शिक्षक अत्यन्त परिश्रमी हैं जो हमें ज्ञान देकर हमारे जीवन को सफल बनाते हैं। कक्षा दसवीं एवं 12वीं की प्रावीण्य सूची में आए विद्यार्थियों में आस्था चंद्राकर, प्रियांशु सिंन्हा, तनिष्का प्रीत कौर को पुरस्कृत किया गया। इसी क्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें देश भक्ति नृत्य छत्तीसगढ़ की विभिन्न संस्कृति एवं अनेक राज्यों की परंपराओं एवं उनकी संस्कृति को दिखाते हुए करमा नृत्य,गोवा नृत्य एवं वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के साहस, पराक्रम त्याग एवं बलिदान की भावना को समूह नृत्य के माध्यम से बच्चों द्वारा बड़े ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। 

शिक्षक उपेंद्र सोना के निर्देशन में गाए गीत संसार है एक नदिया, सुख दुख दो किनारे हैं..ने इस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम को और अधिक खुशनुमा बना दिया। अंग्रेजी लघु नाटिका में वातावरण को प्रदूषण से मुक्त करने एवं यातायात के नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। इसी क्रम में हिंदी लघु नाटिका में मोबाइल के दुष्प्रभाव के बारे में बताते हुए बच्चों को मोबाइल से दूर रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी शिक्षिका मिताली जैन, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी उपेंद्र सोना एवं हुमैरा जबीन सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का योगदान सराहनीय रहा। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। अंत में शाला नायिका विदुषी यादव द्वारा धन्यवाद दिया गया। 
 


अन्य पोस्ट