महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 दिसंबर। आज क्रिसमस है। प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन को धूमधाम से मनाने मसीही समाजजनों में उत्साह का माहौल है। पर्व के पहले कल समाज के लोगों ने घर-घर जाकर कैरोल सांग की प्रस्तुति दी। गीतों के माध्यम से बाइबिल के संदेश घर-घर पहुंचाया गया।
25 दिसंबर को मसीही समाज प्रभु यीशु का जन्मदिन धूमधाम से मना रहे हैं। महासमुंद शहर में क्रिसमस के कुछ दिन पहले से ही विभिन्न कार्यक्रम शुरू हो चुके थे। यह नववर्ष तक चलता रहेगा। स्थानीय कैथोलिक चर्च, सेंट पीर्टस चर्च में क्रिसमस के पूर्व रात्रि में बच्चों द्वारा गड़ेरियों को स्वर्गदूतों का संदेश, प्रभु यीशु मसीह के जन्म का मंचन किया गया।
रात भर प्रार्थना सभा के बाद सुबह शहर में शांति-अमन की आराधना की गई। बुधवार को क्रिसमस के दिन चर्च में सुबह 10 बजे विशेष अराधना के बाद प्रभु यीशु मसीह का जन्म उत्सव मनाया गया। जिसमें प्रभु के जन्म से संबंधित झाकियां प्रस्तुत की गई। पर्व के अंतर्गत कल 26 को खेलकूद प्रतियोगिता, 30 को गीत-संगीत एवं बाइबल खोलो कार्यक्रम, 31 को सामान्य ज्ञान, महिला सभा कार्यक्रम के साथ नववर्ष का स्वागत और एक जनवरी को विशेष अराधना के साथ इस सात दिवसीय पर्व का समापन होगा।