महासमुन्द

पिछले साल के मुकाबले आधा धान का ही उठाव, 166 उपार्जन केंद्रों में बफर लिमिट पार
24-Dec-2024 2:21 PM
पिछले साल के मुकाबले आधा धान का ही उठाव, 166 उपार्जन केंद्रों में बफर लिमिट पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 दिसंबर।
जिले में इस बार धान खरीदी के बाद उसके उठाव की गति काफी धीमी है। अब तक जिले में 49 लाख 679 क्विंटल धान खरीदी हो चुकी है। जबकि उठाव मात्र 6 लाख 389 क्विंटल ही हो पाई है। जबकि पिछले साल इसी अवधि में इससे दोगुना यानी 12 लाख क्विंटल धान का उठाव हो चुका था। कल सोमवार को जिले में धान रखने की जगह नहीं होने के कारण तेंदूकोना, नर्रा और परसवानी में धान खरीदी नहीं हो पाई। इसकी वजह से किसानों को परेशानियों का सामना उठाना पड़ा। 

मालूम हो कि इसके पहले भी कोमाखान और मुनगासेन में भी धान खरीदी बंद रही। यहां धान रखने के लिए जगह ही नहीं बची। धान रखने स्टेक बनाने भूसा भी खत्म होने की बात सोसायटी प्रबंधकों ने कही। जिले में धान खरीदी के अनुपात में मात्र 13 फ ीसदी ही उठाव हो पाया है। राइस मिलर्स की हड़ताल की वजह से धान उठाव बुरी तरह प्रभावित रहा। खरीदी शुरू होने के पूरे एक माह बाद राइस मिलर्स ने धान उठाव शुरू किया। उनके हड़ताल खत्म होने के बाद उठाव तेज हुआ। अब तक राइस मिलर्स ने 3 लाख क्विंटल धान का उठाव कर लिया है। जबकि रायपुर की स्पीड कार्गो ठेका एजेंसी ने 4 लाख क्विंटल धान का उठाव किया है। परिवहन ठेका एजेंसी धान उठाव के लिए 150 वाहनों की ही व्यवस्था कर पा रहा है। जबकि इससे दोगुना वाहनों की जरुरत है। 

नर्रा के सहकारी समिति के अध्यक्ष कलाराम साहू ने बताया कि उनके यहां 43 हजार पंजीकृत किसानों में से 650 किसानों ने 43 हजार 227 क्विंटल धान बेच दिया है। अभी 867 किसान बचे हैं। यहां धान रखने की क्षमता 14 हजार 444 क्विंटल है। जबकि 43 हजार क्विंटल धान डंप है। मात्र 3 हजार क्विंटल उठाव हुआ है। इसकी वजह से धान खरीदी नहीं हो पाई। वहीं तुमगांव सोसायटी के प्रबंधक भारत निर्मलकर ने बताया कि उनके यहां धान रखने की क्षमता 10 हजार क्विंटल है लेकिन 20 हजार क्विंटल से अधिक धान डंप पड़ा है।

जानकारी अनुसार धान उठाव न होने से परेशान तेंदूकोना सोसायटी ने आगामी कल सोमवार को धान खरीदी बंद करने की चेतावनी दे दी थी। अत: धान उठाव के लिए ट्रकों की व्यवस्था की गई तब कहीं जाकर धान खरीदी शुरू हुई। सहकारी बैंक में धान खरीदी के नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने बताया कि धान उठाव तेज नहीं होने के कारण जिले में 166 उपार्जन केंद्रों में बफर लिमिट पार हो चुका है। राइस मिलर्स ने धान खरीदी 9 दिन पहले ही धान उठाव शुरू किया। 

जिला विपणन अधिकारी टिकेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि रायपुर की एजेंसी स्पीड कार्गों को धान उठाव का ठेका दिया गया है। अभी डेढ़ सौ वाहनों से उठाव हो रहा है। ठेका एजेंसी को वाहनों की संख्या बढ़ाने कहा गया है। अब तक 6 लाख 389 क्विंटल धान का उठाव हो चुका है। यह कुल खरीदी का 13 फ ीसदी हिस्सा है। जिला राइस मिलर्स के अध्यक्ष पारस चोपड़ा ने बताया कि उन्हें पिछले वर्ष का उन्हें अब तक भुगतान नहीं हो पाया है। धान उठाव में पेनाल्टी समेत अन्य विषयों पर सहमति बनने के बाद 15 दिसंबर से धान उठाव शुरू कर चुके हैं। अब तक हमने 4 लाख क्विंटल धान का उठाव किया है। जिला सहकारी समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश साहू ने बताया कि उठाव की गति काफी धीमी है। यह स्पीड ऐसी ही रही तो धान खरीदी के अंतिम दिनों तक धान उठाव की समस्या बनी रहेगी। इस बार धान उठाव ही देरी से शुरू किया गया है। जिसकी वजह समस्या विकराल हो चुकी है।

अब सूखत की चिंता
मिली जानकारी के अनुसार सोसायटियों को अब बंपर लिमिट से धान की रखवाली के लिए अतिरिक्त बिजली व्यवस्था, अतिरिक्त चौकीदार,तिरपाल सहित अन्य व्यवस्थाएं करानी पड़ रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। धान खरीदी के शुरुवाती दिनों से ही उठाव को लेकर परेशानियां आती रही, जो अब तक जारी है। सोसायटियों में बीते 38 दिनों से धान खरीदी हो रही है। सोसायटियों को अब सूखत की चिंता सताने लगी है। डंप धान को अब दीमक व चूहे चट कर रहे हैं। केंद्र प्रभारियों की मानें तो इस बार अब तक 15 से 20 क्विंटल का सूखत भार समितियों पर पड़ चुका है। आज की स्थिति में जिले में 90003 किसानों से अब तक 427384.72 टन धान की खरीदी की जा चुकी है। जबकि उठाव मात्र 63285.64 टन ही हो पाया है।
 


अन्य पोस्ट