महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 दिसंबर। स्थानीय श्रीराम वाटिका अयोध्या नगर महासमुंद में श्रीमद भागवत कथा का वाचन करते हुए वृन्दावन से पधारे प.मुरलीधर महाराज ने कहा कि भागवत कथा सभी शास्त्रों का सार है। यह एक ऐसी अमृत कथा है जिसके श्रवण मात्र से जीव धन्य हो जाता है। उन्होंने कहा कि यही एक ऐसा ग्रंथ है जिसमें भगवान की सभी लीलाओं का वर्णन किया गया है।
अंतिम दिवस गीता ज्ञान का श्रवण कराते हुए उन्होंने कहा कि श्रीमद भागवत गीता न केवल धर्म का उपदेश देती है बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाती है। महाभारत के युद्घ के पहले अर्जुन और श्रीकृष्ण के संवाद लोगों के लिये प्रेरणा स्रोत है। गीता के उपदेशों पर चलकर न केवल हम स्वयं का बल्कि समाज का कल्याण कर सकते हैं।
आयोजन समिति की ओर से परमेश्वर पप्पू ठाकुर,सुनयना ठाकुर, नीलमणी चन्द्राकर,मुकेश साहू, बिसेन,कमलेश साहू, सुजाता विश्वनाथन, प्रवीण खन्ना सहित समस्त मोहलेवासियों ने व्यवस्थाएं देने में सहायता की। उक्त जानकारी देते हुये टेकराम सेन ने बताया कि भागवत कथा का भव्य आयोजन का यह लगातार दूसरा वर्ष है। उक्त आयोजन में परमेश्वर पप्पू ठाकुर ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है जिससे मोहल्ले सहित शहर में भक्तिमय वातावरण का संचार हुआ है।
उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण के बाल लीलाओं से लेकर बाराह अवतार, नंदोत्सव, श्रीकृष्ण रुखमणी विवाह, सुदामा चिरत्र के माध्यम से पं.मुरलीधर महाराज ने श्रद्घाओं को भागवत कथा की जानकारी दी।
इस दौरान विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, संदीप दीवान, पार्षद एवं सभापति देवीचंद राठी, महेन्द्र सिका, सुजाता विश्वनाथन, एमआर विश्वनाथन सहित जन प्रतिनिधियों ने सफल आयोजन के लिये मोहल्लेवासियों को बधाई दी है।