महासमुन्द

यूथ फेस्टिवल से दूर हुए युवा, जजेस की कुर्सियों को छोड़ सब कुर्सियां खाली रह गईं
23-Dec-2024 2:19 PM
यूथ फेस्टिवल से दूर हुए युवा, जजेस की कुर्सियों को छोड़ सब कुर्सियां खाली रह गईं

विधाओं में कटौती, आयु सीमा 10 साल घटाने से वीरान हुआ मंच 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,23 दिसंबर।
कल रविवार को हिंदी मीडियम आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में आहुत यूथ फेस्टिवल में पहली बार कलाकारों की संख्या नहीं के बराबर रही। आयोजित फेस्टिवल में महज गिनती के कलाकारों ने ही प्रस्तुति दी। केवल लोकगीत, लोकनृत्य,. नृत्य कला में ही प्रदर्शन हुआ।

 इस बार 18 विधाओं में से कुल 11 विधाओं में कटौती की वजह से ही यह स्थिति निर्मित हुई। यहां लगाई गईं 50 कुर्सियों में महज 10 कुर्सियों पर ही कलाकार दिखाई दिए। शेष कुर्सियां खाली रह गईं। इस बार शास्त्रीय गायन, बांसुरी वादन, वीणा, गिटार वादन, शास्त्रीय नृत्य, कुचिपुड़ी, कथक, भरतनाट्यम समेत अनेक विधाओं को इस बार फेस्टिवल से हटा दिया गया था। फलस्वरूप प्रति वर्ष फेस्टिवल में भाग लेने वाले कलाकार इस बार इसमें भाग लेने से वंचित रह गये। 

यह कार्यक्रम कल सुबह 10 बजे शुरू होना था, लेकिन कलाकारों के इंतजार में खेल एवं युवा कल्याण विभाग दोपहर 12 बजे तक कार्यक्रम प्रारंभ नहीं कर सका। मात्र नृत्य कला के प्रतिभागियों की संख्या ठीक थी। लोकगीत विधा में भी बहुत कम प्रतिभागी दिखाई दिए। स्वयं के वाद्ययंत्र के साथ केवल 1 समूह की ही टीम ने प्रस्तुति दी। सामूहिक लोक गीत में केवल 2 समूह आए थे। व्यक्तिगत लोकगीत में केवल 3 प्रतिभागी, कविता लेखन में 4, कहानी लेखन में 2, चित्र कला में 7 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। केवल नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ही कार्यक्रम में पहुंची हुई थी। यदि यहां अतिथिगण पहुंच भी जाते तो उनके संबोधन को सुनने के लिए कोई था भी नहीं। इस तरह यह कार्यक्रम पहली बार विलंब से शुरू होकर जल्दी बंद हो गया। यूथ फेस्टिवल से संगीत तथा नाट्य की अनेक विधाओं को हटाया गया था।

इस बार फेस्टिवल में उम्र बंधन भी लागू कर दिया गया जिसकी वजह से भी अनेक कलाकार अपनी प्रतिभा दिखाने से वंचित रह गये। वर्ष 2023 तक 14 से लेकर 40 साल की उम्र तक के प्रतिभागी को प्रदर्शन करने जा मौका मिलता था। वहीं कुछ साल पूर्व 40 प्लस वाले प्रतिभागियों के लिए भी शासन ने विकल्प दिया था। वहीं इस फेस्टिवल में अनेक लोक विधाओं और भी जोड़ा गया था लेकिन कई विधाएं हटाने के बाद केवल यूथ फेस्टिवल की औपचारिकता ही निभाई गई। 

गौरतलब है कि इस विषय को लेकर पूर्व में और भी खबरें ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशित हुई हैं। जिसमें खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा था कि राज्य के कलाकारों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। इस मुद्दे को लेकर विचार किया जाएगा लेकिन अंतत: इस साल शास्त्रीय संगीत तथा नाट्य विधा के कलाकारों को फेस्टिवल से वंचित होना पड़ा। यही कारण है कि इस बार फेस्टिवल में यूथ की अत्यधिक कमी रही। युवा कल्याण विभाग के लिए दुर्भाग्य की बात है कि महज 50 कुर्सियों के लिए भी युवाओं को जुटा नहीं पाया।


अन्य पोस्ट