महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20 दिसंबर। लडक़ी के पिता ने अपनी बेटी की शादीप्रेमी से करने के लिए इंकार कर दिया तो नाराज प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी और उसकी लाश गांव से लगे जंगल में ले जाकर फेंक दी। यह घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
आरोपी प्रेमी युुवक और युवती में पारिवारिक रिश्तेदारी की भी खबर है। थाने में मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू हुई। अंतत: दो दिनों के बाद दोनों आरोपियों को महासमुंद पुराना मलेरिया ऑफिस के पास एक मकान से आज सुबह हिरासत में लिया गया है। दोनों ही आरोपी गांव से महासमुंद आकर किराए की मकान में साथ रहते हुए पुलिस में भर्ती की तैयार कर रहे थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा तिवारी ने बताया कि प्रेमी मोहित पटेल ने लडक़ी के पिता हिराधर से उनकी पुत्री से विवाह का प्रस्ताव रखा। हिराधर ने मोहित को विवाह के लिए साफ इंकार कर दिया। इससे मोहित नाराज था। मोहित ने विवाह करने के लिए लडक़ी के पिता को ही रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। उसने हिराधर को दो-तीन बार मारने का प्रयास भी किया लेकिन सफ ल नहीं हुआ। आखिर में उसने बीते मंगलवार को अपने दो दोस्त पंकज और मनोज के साथ मिलकर उसे मारने की योजना बनाई। योजना के तहत हिराधर को किसी बहाने उसने गांव के बाहर बुलाया। जैसे ही हिराधर आरोपियों के बुलाए हुए स्थान पर पहुंचा, हत्या करने के लिए तैयार दोस्तों में से एक ने हथौड़े से हिराधर के सिर पर वार किया। इस वार से वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घायल हिराधर को आरोपी ने दोस्तों के साथ मिलकर घायल हिराधर को जगंल के भीतर ले जाकर हथौड़े से तब तक वार करते रहा, जब तक वह मर नहीं गया।
हत्या के बाद उसका शव जंगल की झाडिय़ों के बीच ले जाकर फेंक दी। दूसरे दिन गुरुवार को गांव के किसी व्यक्ति ने जंगल में शव देख इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्ति तुमगांव थाने में दर्ज गुम इंसान हिराधर पटेल के रूप में की। एएसपी तिवारी ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 103,101 और 35 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।