महासमुन्द

रायपुर से आरंग बस किराया 200 रु.!
19-Dec-2024 6:54 PM
रायपुर से आरंग बस किराया 200 रु.!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 19  दिसंबर। रायपुर से सराईपाली मार्ग पर चलने वाली बसों में आरंग का किराया, तुमगांव पटेवा झलप एवं पिथौरा का किराया 200 रु. लिया जा रहा है। खास बात यह है कि दादागिरी के साथ वसूले जा रहे किराए की टिकिट भी दी जा रही है।

    प्रदेश में बसों के निजीकरण होने के बाद से निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी अपने चरम पर है। इसके अलावा बस परिचालक का सवारियों के साथ व्यवहार भी ठीक नहीं होता। कुछ यात्री इसकी शिकायत भी करते हैं, परन्तु परिवहन एवं पुलिस विभाग कभी-कभी औपचारिक कार्रवाई ही करते है।

एक यात्री ने अपनी आपबीती में बताया कि वे तीन सवारी रायपुर से आरंग आने के लिए बस में बैठे थे। इस बस के शहर से निकलते ही कंडक्टर ने 200 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट के पैसे मांगे।

सवारी ने जब बताया कि आरंग से रायपुर का किराया मात्र 50 रुपये है। तब कंडक्टर दुव्र्यवहार पर उतर गया और धमका कर तीन सवारी के 600 रुपये ले लिये और बकायदा टिकट भी दिया, परन्तु टिकट में बस का नाम या नम्बर नहीं है। लिहाजा यात्री इस टिकट को भी फर्जी मांन रहे हैं।

ठीक इसी तरह का मामला अन्य स्थानों का भी है। झलप का 100 के स्थान पर 200, पटेवा 80 के स्थान पर 200 एवं पिथौरा 125 के स्थान पर 200 रुपये वसूले जा रहे हैं और बसों से यात्रियों को शहर से 2 किलोमीटर बाहर ओवरब्रिज के पास ही उतारा जा रहा है। कुछ यात्रियों द्वारा इसकी शिकायत अनेक बार परिवहन एवं पुलिस विभाग से की गई है परन्तु नतीजा अब तक सिफर ही है।


अन्य पोस्ट