महासमुन्द
एप डाउनलोड करने के बाद जानकारी नहीं भर पा रहे लोग
सीनियर सिटिजंस, दिव्यांगजन, इमरजेंसी वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 दिसंबर। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पातल में आभा एप लांच होने के बाद भी मरीजों की यहां लंबी कतार लग रही है। ऐसे में सीनियर सिटिजंस सहित दिव्यांग जन सहित इमरजेंसी वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोई 4 माह पूर्व शासन ने यहां आयुष्मान योजना के तहत आभा एप की सुविधा शुरू की। लेकिन इस एप को लेकर प्रचार-प्रसार के अभाव में लोग इसका उपयोग ही नहीं कर पा रहे हैं।
पता चला है कि अधिकांश मरीज एप डाउनलोड करने के बाद एप में मांगी जानाकरियां नहीं भर पाते। फलस्वरूप वे वापस एप अनस्टॉल कर देते हैं। हालांकि जो जानकार हैं, वे एप का उपयोग कर रहे हैं। लेकिन जिनके पास एंड्रायड मोबाइल नहीं है या फिर जो एप का उपयोग नहीं जानते वे कतार लगाकर खड़े हो जाते हैं। मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में महज 5 से 6 फीसद लोग ही् इस एप का उपयोग कर रहे हैं।
अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आभा एप की मदद से पर्ची बनने का कार्य अस्पताल में हो रहा है। ऐसे में वह लोग ज्यादा परेशान हो रहे हैं जो छोटा मोबाइल लेकर आते हैं। वहीं कुछ के पास मोबाइल है भी तो फिर स्केन नहीं कर पा रहे हंै। जिसकी वजह से बारकोड स्केन नहीं हो पा रहा है। कुछ लोग स्केन करने के बावजूद सही से डीटेल्स नहीं भर पाते हंंै। इस वजह से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ जाता है। सैकड़ों की संख्या में आए महिला व पुरुष मरीज इलाज के लिए अपने-अपने स्वजन के साथ पहुंच रहे हैं। लेकिन मोबाइल न होने के कारण उनका इलाज नहीं हो पा रहा है।
मालूम हो कि लॉचिंग के बाद लगभग 80 लोगों ने इस एप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कराकर उपचार भी कराया था। प्रथम दिवस आभा आधारित स्केन और शेयर सुविधा के परिणाम अब तक बेहद ही उत्साह जनक आये थे। इस सुविधा के तहत पहले दिन 70 से 80 टोकन बांटे गये थे। लेकिन लोगों को इस एप की जानकारी देने वाले अस्पताल में नहीं होने की वजह से लोगों ने भी इसमें रूचि लेना बंद कर दिया। जानकारी के अनुसार मैन्युअल पर्ची बनाने में पूर्व में मरीजों को लंबी कतारें लगानी पड़ती थी। जिसके वजह से पंजीयन में देरी होती थी। फलस्वरूप मरीजों की सुविधा को देखते इसे शुरू किया गया।
गौरतलब है कि आभा कार्ड का पूरा नाम आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता है। आभा कार्ड आइडी में 14 अंकों की पहचान संख्या होती है। संपूर्ण चिकित्सा,इतिहास, परामर्श विवरण और नुस्खे आभा आईडी में शामिल होते हैं। इस कार्ड का प्रबंधन आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत किया जाता है। जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की एक डिजिटल स्वास्थ्य सेवा पहल है। यह चिकित्सा रिकॉर्ड तक सुरक्षित और आसान पहुंच प्रदान करता है तथा सटीक जानकारी के लिए वन. स्टॉप कार्य करता है।