महासमुन्द
प्राचार्य पर सगे संबंधियों को नियक्ति देने का आरोप लगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 दिसंबर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल पिथौरा में बिना किसी सूचना और विज्ञापन के भारी अनियमितता बरतते हुए चतुर्थ श्रेणी पद पर प्राचार्य द्वारा नियुक्त 5 कर्मचारियों को हटाकर नये सिरे से नियमानुसार योग्य अभ्यर्थियों को अस्थाई रूप से कलेक्टर दर पर नियुक्त करने का निर्देश डीईओ महासमुंद ने दिया है।
आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य मायाधर प्रधान ने उक्त पदों पर अपने ससुराल पक्ष के रिश्तेदार तथा पूर्व परिचितों को गुपचुप तरीके से नियुक्ति दे दी थी। समाचार लिखते तक इस मामले में प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी मोहन राव सावंत ने बताया कि भर्ती किए गए सभी लोगों को हटाकर स्थानीय को प्राथमिकता देते हुए विज्ञापन प्रकाशन कर सभी प्रक्रियाएं पूरी कर नये सिरे से भर्ती करने का निर्देश प्राचार्य को दिया गया है। प्राचार्या के विरुध्द अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
इन मामले में प्राचार्य मायाधर प्रधान पर आरोप है कि उन्होंने अपने ससुराल ग्राम सीतापुर (पिथौरा से करीब 50 किलोमीटर दूर है) के तीन लोगों की नियुक्ति की है। इन तीन में से दो लोग आपस में सगे भाई हैं। जिनका नाम रमाकांत प्रधान और प्रवीण प्रधान है, जबकि एक युवक अक्षय भोई सीतापुर का ही निवासी है जो प्राचार्य का करीबी है। इन सभी चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों की नियुक्ति बिना कोई सूचना निकाले की गयी है। रमाकांत प्रधान, प्रवीण प्रधान ग्राम सीतापुर विखं पिथौरा निवासी है जो कि प्रभारी प्राचार्य के ससुराल पक्ष के रिश्तेदार एवं अक्षय भोई तथा त्रिलोचन नाग उनके पूर्व परिचित थे तथा वे सीतापुर एवं ग्राम बैदपाली विखं सरायपाली निवासी हैं। इससे प्रतीत होता है कि प्राचार्य ने अपने रिश्तेदार एवं जान पहचान के लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उक्त नियुक्ति बिना किसी विज्ञापन जारी किये की है।
अत: पत्र जारी कर कहा गया है कि विद्यालय में भर्ती किए गए कलेक्टर दर पर कार्यरत समस्त चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों को हटाकर उनके स्थान पर स्थानीय योग्य अभ्यर्थी को नियमानुसार अस्थायी रूप से कलेक्टर दर पर नियुक्ति कर कार्यालय को अवगत कराएं। कलेक्टर दर पर चपरासी पद की भर्ती के लिए जारी आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि इस पद के लिए स्थानीय लोगों से ही आवेदन आमंत्रित कर नियुक्ति की जानी है। लेकिन सभी नियमों को ताक पर रखकर भर्ती की गई है।
डीईओ का कहना है कि इस भर्ती के लिए विज्ञापन, सूचना, आवेदन की जानी थी। लेकिन यहां चतु्र्थ श्रेणी के 5 पदों पर आवेदन आमंत्रित किये बिना ही प्रभारी प्राचार्य मायाधर प्रधान ने अपने ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों और करीबियों की नियुक्ति कर दी है। प्राचार्य मायाधर प्रधान को लिखे पत्र में कहा गया है कि कलेक्टर के अनुमोदन पश्चात चतुर्थ वर्ग के पदों रिक्त भृत्य 15 व चौकीदार 5 कुल 20 पदों पर प्रतिनियुक्ति से पदपूरित होने तक स्थानीय योग्य अभ्यर्थी को अस्थायी रूप से कलेक्टर दर पर रखे जाने की अनुमति दी गयी है।
एक शिकायत के बाद विखं शिक्षा अधिकारी, पिथौरा एवं समन्वयक विखं स्त्रोत केंद्र पिथौरा ने जांच कर जांच प्रतिवेदन दिया है जिसमें शिकायत सही पाई गई है।