महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19दिसंबर। जिला मुख्यालय में क्रिसमस को लेकर तैयारी जोरों पर हैं। मसीही समुदाय के घरों में लोग कैरोल गीत गाकर खुशियां मना रहे हैं, वहीं बाजार के दुकानों में सांता क्लाज की ड्रेस, ट्री व सजावट के सामान की खूब बिक्री हो रही है।
क्रिसमस को लेकर ईसाई समुदाय के लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा है। घरों में भी तरह-तरह की तैयारियां की जा रही हैं। घरों की रंगाई-पुताई के बाद अब उन्हें रंग-बिरंगी झालरों व कागज के पताकाओं से सजाया जा रहा है। शहर के गिरिजाघर भी शाम होते-होते रंग.बिरंगी रोशनी से जगमगाने लगीं हैं।
क्रिसमस को लेकर दुकानों में टावर, परी, हिरन व अन्य सामान नए माडलों में उपलब्ध हैं। बाजार में सेंटा म्यूजिकल में हिरन पर सवार सेंटा, क्रिसमस ट्री, डांसिग सेंटा उपलब्ध हैं। इस बार क्रिसमस ट्री एक से लेकर आठ फीट तक व अन्य मेरी क्रिसमस डेकोरेशन, सेंटा दाढ़ी, सेंटा कैप, सेंटाड्रेस के अलावा मेरी क्रिसमस बैनर. स्टिकर, रंगी.बिरंगी लडिय़ां, सेंटा हेंगिग बाल, सेंटा बेल, सेंटा स्टार की खरीदारी हो रही है।