महासमुन्द

रायपुर से संबलपुर तक बिछेगी 276 किमी रेल लाइन
18-Dec-2024 2:03 PM
रायपुर से संबलपुर तक बिछेगी 276 किमी रेल लाइन

भुवनेश्वर से रायपुर की दूरी 150 किमी कम हो जाएगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

महासमुंद,18 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के रायपुर से संबलपुर के लिए 276 किमी तक एक नई रेललाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए सर्वे का काम जारी है। इस लेकर लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर रायपुर से आरंग के रास्ते-सरायपाली और बसना होते हुए संबलपुर तक रेल लाइन परियोजना की डीपीआर डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने आग्रह किया।

उन्होंने रेलवे अधिकारियों को इस रेल लाइन के एलाइनमेंट और संबंधित अन्य प्रक्रियाओं को जल्दी से जल्दी पूरा करने के निर्देश देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने धमतरी-कांकेर बड़ी लाइन से जुड़े विषय को भी मंत्री के समक्ष रखा। सांसद चौधरी ने बताया कि उन्होंने संसद के बजट सत्र में इस मुद्दे को गंभीरता से मंत्री के समक्ष रखा था और रेल लाइन से जुड़ी कार्रवाई को शीघ्रता से पूरा करने का आग्रह पहले भी कर चुकी है। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री काम जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया है।

सांसद चौधरी ने कहा कि रायपुर से बसना, सरायपाली होते हुए संबलपुर तक रेल लाइन इस क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस रेल लाइन के माध्यम से न केवल लोग सुगमता और कम खर्च में यात्रा कर पाएंगे, बल्कि इस क्षेत्र का व्यापार, व्यवसाय और कृषि उद्योग भी अभूतपूर्व तरीके से आगे बढ़ेगा। नई रेल लाइन से रायपुर से हावड़ा व मुंबई और बरगढ़ होते हुए जहां सीधी लाइन जाएगी वहीं बिलासपुर जंक्शन में ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलने के साथ ही भुवनेश्वर से रायपुर के बीच की दूरी 150 किलोमीटर कम हो जाएगी।

मालूम हो कि जिले के पिथौरा, बसना सरायपाली से होकर गुजरने वाले इस रेलवे लाइन में पडऩे वाले कई गांव के आसपास सर्वे और चिन्हाकन का काम जारी है। सरायपाली-बसना को रेलवे लाइन से जोडऩे की मांग पिछले कई सालों से की जा रही है। यहां रेलवे लाइन की मांग को लेकर भाजपा और कांग्रेस के दोनों दोनों पार्टियों से यह मांग की जाती रही है। इसके पहले भी कई बार सर्वे भी हो चुका है लेकिन अब तक रेल लाइन निर्माण कार्य का उद्घाटन नहीं हो पाया है।

वर्तमान में इस मार्ग पर केवल बस की ही सुविधा मिलती है। रायपुर से यदि तुमगांव, पिथौरा और सरायपाली की यात्रा करना है तो अभी केवल बस की सुविधा है। बस से यात्रा करने वालों को आर्थिक नुकसान होता है। यदि ट्रेन की सुविधा मिल जाए तो कम पैसे लगेंगे। साथ ही बिलासपुर रूट में भी दबाव कम रहेगा।



अन्य पोस्ट