महासमुन्द

रिश्वत में 50 हजार और बकरा मांगा, एसीबी ने पकड़ा
18-Dec-2024 1:09 PM
रिश्वत में 50 हजार और बकरा मांगा, एसीबी ने पकड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,18 दिसंबर।
महासमुंद जिले के पिथौरा तहसील ऑफिस के कानूनगो शाखा प्रभारी को एंटी करप्शन ब्यूरो ने कल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है उक्त कर्मचारी ने कोटवार से निलंबन से बहाली के एवज में 50 हजार और बकरा मांगा था। 

25 हजार रुपए की पहली किश्त लेते कर्मचारी को एंटी करप्शन अधिकारियों ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गांव के कोटवार राजू चौहान ने कानूनगो शाखा के प्रभारी माइकल पीटर सहायक.ग्रेड 2 की शिकायत रायपुर ऑफिस में की थी। प्रार्थी कोटवार के अनुसार वह 14 नवंबर 2024 को निलंबित हुआ था। निलंबन से बहाली के लिए वह तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहा था। 

आवेदन देने पर कानूनगो शाखा के माइकल पीटर ने 50 हजार रुपए रिश्वत और एक बकरे की मांग की थी। कोटवार रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। जिस पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए रायपुर ले गई है।
 

 


अन्य पोस्ट