महासमुन्द

मितानिन बेमियादी हड़ताल पर गर्भवती शिशुवती माताओं की सेवाएं ठप
17-Dec-2024 2:59 PM
मितानिन बेमियादी हड़ताल पर गर्भवती शिशुवती माताओं की सेवाएं ठप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17 दिसंबर। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिले भर की 2 हजार मितानिन अनिश्चिकालीन हड़ताल पर चली गई हैं। फलस्वरूप गर्भवती माताओं, नवजात शिशुओं की देखभाल, उन्हें अस्पताल लाना ले जाना, टीकाकरण सहित नसबंदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य बूरी तरह से प्रभावित हैं। कल मितानिनों ने शहर के पटवारी दफ्तर के समक्ष अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की तथा शासन-प्रशासन को कोसा। शीत लहर के बावजूद कल जिले भर की मितानिनें मुख्यालय पहुंची हुई थी।

मिली जानकारी के अनुसार यदि मितानिनों की हड़ताल लगातार जारी रही तो ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यक्रम को संबंधित कामकाज ठप हो जायेंगे। एसएचआरसी एनजीओ के कर्मचारियों के साथ काम न करने सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिलेभर की मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, ब्लाक समन्वयक, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, एरिया को.आर्डिनेटर और मितानिन हेल्प डेस्क के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।

प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ के जिलाध्यक्ष जनकराम नायक ने बताया कि हमनें एसएचआरसी एनजीओ से त्रस्त होकर और हमारे 20 वर्षों के अनुभव के आधार पर शासन से एनएचएम में संविलियन किये जाने की मांग की थी। लेकिन शासन हमारी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं कर रहा है। जिससे प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ द्वारा 13 दिसंबर से अनिश्चितकालीन काम बंद व कलम बंद हड़ताल और कल से जिला स्तर में धरना प्रदर्शन जारी है।

उन्होंने बताया कि हमारी प्रमुख मांगों में सभीमितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्यवक, स्वास्थ्य पंचायत समन्यवक, एरिया को.ऑर्डिनेटर तथा मितानिन हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम में संविलियन करने, हम एसएचआरसी एनजीओ के कर्मचारियों के साथ कार्य नहीं करेंगे और हम किसी भी अन्य एसएचआरसी एनजीओ जैसी संस्था के साथ भी कार्य नहीं करेंगे। जनकराम ने बताया कि जिले में 2350 स्वास्थ्य कर्मी, 2000 मितानिन, 100 मितानिन प्रशिक्षक, 10 ब्लॉक समन्यवक, 9 स्वास्थ्य पंचायत समन्यवक और 10 एरिया को.ऑर्डिनेटर तथा मितानिन हेल्प डेस्क कार्यरत हैं।

जानकारी के मुताबिक मितानिनें स्वास्थ्य सेवाओं की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। जिन पर गर्भवती माताओं की देखभाल तथा मातृत्व काल के दौरान उन्हें समय पर अस्पताल लाना ले जाना, उन्हें समय पर आयरन कैल्शियम सहित अन्य दवाएं देना, नवजात शिशुओं को देखभाल, किशोरी बालिकाओं को रजस्वला के दौरान होने वाली परेशानियां तथा उससे बचने की जानकारी प्रदान करना है। यही नहीं जिले भर के अस्पतालों में हेल्प डेस्क लगाना भी इनकी जिम्मेदारी है।


अन्य पोस्ट