महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 दिसंबर। महासमुंद नगर पालिका कर्मचारी अब भी हड़ताल पर हैं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे की ढेरी लग गई है। सभी तरफ की नालियां जाम हैं। नालियों का गंदा पानी सडक़ों पर आ रहा है। नालियों में बदबू आना चालू हो गया है। घरों से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है। लोग अपने-अपने घरों का कचरा बाहर सडक़ों पर फेंक रहे हैं।
अब भी ेनगर पालिका परिषद महासमुंद के नियमित, प्लेसमेंट और स्वच्छता दीदी हड़ताल पर बैठे हुए हैं। बहुत से कर्मचारी नया रायपुर तुता धरना स्थल पर शामिल होने गए हैं और कुछ कर्मचारी स्थानीय पालिका के बाहर अपने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। कर्मचारी शासन को कोसते हुए नारा लगा रहे हैं। कर्मचारी नेता जय किशन सोनी, और हीरा चौहान ने संयुक्त रूप से कहा है कि जब तक शासन कुंभकरणी नींद से नहीं जागती है और हमारी मांगों को पूर्ण नहीं करती है तब तक हम धरने पर बैठे रहेंगे। आम जनता को होने वाली परेशानी से हमें खेद है।
उनका कहना है कि सरकार हमारी ओर ध्यान नहीं दे रही है। अभी तक हमारे प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए शासन ने बुलाया नहीं है। अभी तो सिर्फ सफाई व्यवस्था ही प्रभावित हुआ है। अगर आगे भी यही स्थिति रही तो पानी और बिजली जैसी व्यवस्था को बाध्य करने के लिए हम मजबूर हो जाएंगे। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी।
तीन माह पूर्व संचालक नगरी प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा पांच सदस्यीय समिति का गठन कर्मचारियों की मांगों के निराकरण संबंध में किया गया था। इस कमेटी ने आज तक अपना रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं किया है। प्रदेश के 184 निकायों के तीनों कर्मचारी संगठन जिसमें नियमित, प्लेसमेंट और स्वच्छता दीदी तीनों एक साथ मिलकर संयुक्त मोर्चा का गठन कर अपनी लड़ाई लड़ेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
