महासमुन्द
राइस मिलर्स ने कलेक्टर-डीएमओ को सौंपा ज्ञापन
जिले में कस्टम मिलिंग के लिए अभी तक शुरु नहीं हुआ पंजीयन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 दिसंबर। जिले के तमाम धान खरीदी केन्द्रों में खरीदे गये धान का उठाव नहीं हो रहा है। तमाम समितियों में धान का पहाड़ खड़ा हो चुका है। हर रोज किसान धान लेकर समितियों में पहुंच रहे हैं। जिला राइस मिल एसोसिएशन ने भी धान नहीं खरीदने के लिए हाथ खड़ा कर दिया है। जिला राइस मिलर्स एसोसिएशन ने कल कलेक्टर और डीएमओ को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है। बताते हैं कि मिलर्स कस्टम मिलिंग का बकाया भुगतान नहीं होने के कारण खुद को कस्टम मिलिंग करने में असमर्थ बताते हुए असहयोग आंदोलन चला रहे हैं। इसके तहत वे कस्टम मिलिंग के लिए पंजीयन आदि नहीं करा रहे हैं।
जिला राइस मिल एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर और मार्कफेड कार्यालय को ज्ञापन सौंपा। जानकारी के मुताबिक बीते गुरुवार को रायपुर में प्रदेश के समस्त मिलर्स की उपस्थिति में वृहद बैठक हुई थी। जिसके बाद बुधवार को राज्य सरकार की कैबिनेट की बैठक में चावल उद्योग से संबंधित विषयों पर निर्णय लिया गया। मिलर्स को प्रोत्साहन राशि के साथ वर्ष 2022-23 के प्रोत्साहन की बाकी राशि किस्त की मांग मुख्य थी। जबकि कैबिनेट ने वर्ष 2023.24 के भुगतान पर मुहर लगा दी है। साथ ही ;एसएलसीद्ध वास्तविक परिवहन दर से भुगतान का विषय कैबिनेट में नहीं रखा गया। इन दो बड़ी मांगों पर पूर्व में राज्य सरकार के साथ चर्चा में सहमति के उपरांत भी मांगें पूर्ण नहीं होने पर मिलर्स का धैर्य टूट गया। बैठक में उपस्थित मिलर्स ने कहा कि यह मिलर्स के साथ सरकार की वादा खिलाफी है।
ज्ञापन में बताया गया कि मिलर्स सरकार से बातचीत उपरांत सहमति बनने से उत्साह था। लेकिन कैबिनेट से जो निर्णय आया उससे पूरे प्रदेश के मिलर्स में निराशा का वातावरण बन गया है। मिलर्स ने मांग की है कि प्रदेश सरकार के साथ जिन विषयों पर सहमति बनी थी,उन समस्याओं का समाधान होना चाहिए। जिससे किसानों को भी कोई असुविधा ना हो। मिलर्स को कस्टम मिलिंग का बकाया करोड़ों का भुगतान ना होने से मिलर्स की आर्थिक स्थिति खराब है। मिलर के पास बैंग गारंटी बनाने, चावल जमा करने पैसा नहीं है। ऐसी स्थिति में मिलर भुगतान के अभाव में मिलर कस्टम मिलिंग करने के लिए असमर्थ हो चुका है। जिला व प्रदेश एसोसिएशन के माध्यम से अनेक बार शासन से पत्र व्यवहार किया गया। महासमुंद जिले में किसी भी राइस मिलर्स ने अब तक धान परिवहन हेतु विपनन संघ से अनुबंध नहीं कराया है। जिसके चलते उन्हें भी डीओ जारी नहीं किया जा सकता। यही हाल रह तो पूरे दिसंबर भर धान का परिवहन संभव नहीं है। विगत वर्ष पूरे जिले के धान का उठाव इन्ही मिलर्स के माध्यम से किया गया था। जिससे शासन के करोड़ों रुपए बचे थे।
कमीशन राशि साल भर बाद भी नहीं मिली
धान खरीदी 2023-24 के कमीशन राशि भी साल भर बाद अभी तक जिले के समितियों को अप्राप्त है। जिसका सीधा असर कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन पर पड़ रहा है। कमीशन ना आने के चलते आधे से ज्यादा समितियों के कर्मचारियों के वेतन नियमित नहीं है। संघ ने हड़ताल के दौरान शीघ्र कमीशन देने की मांग रखी थी। धान खरीदी नहीं होने से धान में सूखत आना शुरू हो गया है। धान के डंप होने से समितियों के खर्च अप्रत्याशित बढ़ जाते हैं। डैनेज, बिजली,चौकीदार जैसे मूलभूत जरूरतों के खर्च बढ़ते हैं साथ ही धान में सूखत से नुकसान समितियों को होता है। इस खरीफ सीजन मे जिले में मिलर्स के हड़ताल के चलते मिल बंद पड़े हैं जिससे डैनेज दूसरे जिल से दोगुने दाम पर मंगाया जा रहा है। जिले के पूरे 182उपार्जन केन्द्रों का हाल यही है। सभी जगह धान डंप पड़े हैं। हालात यही रहा तो आगामी सोमवार से आधे धान खरीदी केन्द्रों में जगह के अभाव में ताला लटक सकता है। इस वक्त अधिकांश किसान अपनी उपज को खलिहानों से समेटकर बिक्री हेतु घर पर रखे हैं। ये सभी सूखत का दंश झेल रहे हैं। यही हाल खरीदी केन्द्रों पर भी है और यहां भी धान डंप होकर सूख रहे हैं।