महासमुन्द

जमीन सीमांकन के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रहा दिव्यांग युवक
13-Dec-2024 4:11 PM
जमीन सीमांकन के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा  रहा दिव्यांग युवक

कहा-आरआई पटवारी समय देकर नहीं पहुंचते 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 दिसंबर।
अपनी जमीन का सीमांकन कराने लिये दिव्यांग युवक को दफ्तरों के चक्कर लगाना पड़ रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों, नेताओं के पास बार-बार आवेदन देने के बाद भी आवेदक को केवल आश्वासन ही मिल रहा है। इस बार फिर इमली भांठा वार्ड 3 निवासी हेमंत झंवर पिता रामेश्वर झंवर (46) ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।


हेमंत ने बताया कि पिछले साल भर से सीमांकन को लेकर आरआई, पटवारी सहित कलेक्टोरेट के चक्कर काट रहे हैं। ज्ञापन में आवेदक ने बताया है कि खसरा नंबर 720.18, रकबा 0.017 हेक्टेयर व खसरा नंबर 717.16 रकबा 0.006 हेक्टेयर भूमि वार्ड नं 3, इमलीभांठा ईसाई कब्रिस्तान के पास स्थित है। जिसको सीमांकन करने का आवेदन तहसील कार्यालय में दिया था।

आरआई मनीष श्रीवास्तव का कहना है कि आवेदक के बताये भूमि का सीमांकन वर्ष 2022 में हो चुका है। आवेदक पूर्व सीमांकन की प्रतिलिपि भी प्राप्त कर चुका है। किसी भी पुनरीक्षण में सीमांकन निरस्त नहीं हुआ है। अत: दोबारा सीमांकन संभव नहीं। आवेदक सीमांकन क्यों नहीं हो रहा यह जानने का प्रयास ही नहीं कर रहा- 

हेमंत ने बताया किआवेदन के साथ सीमांकन शुल्क चालान व बी1 की छायाप्रति आर आई को दी थी। सीमांकन हेतु आदेश तहसीलदार द्वारा 11 दिसम्बर 2023 को महासमुंद के राजस्व निरीक्षक मनीष श्रीवास्तव को दिया गया लेकिन, आज दिनांक तक सीमांकन नहीं किया गया है। 

श्री श्रीवास्तव को तहसीलदार के आदेश की कापी भी मैंने दी थी। पड़ोसियों के नाम की नोटिस बनाकर तहसीलदार कार्यालय के कार्यालयीन सहायक जीवन चन्द्राकर को देने कहा गया था। लिहाजा श्री चन्द्राकर ने नोटिस मुझे और पड़ोसियों को दिया था। दिनांक 3 जनवरी 2024 को सीमांकन करने का दिन समय प्रात 10 बजे के बाद का समय दिया गया था। राजस्व निरीक्षक उक्त तारीख को सीमांकन करने नहीं आए। मैंने राजस्व कार्यालय में जाकर सीमांकन के लिये आरआई और पटवारी को अनुरोध किया। उन्होंने मुझे दोपहर तीन बजे के बाद का समय दिया। लेकिन खुद नहीं आये। मैंने फ ोन किया तो कहा कि आज हमारे पास समय नहीं है, कल देखेंगे। दूसरे दिन आरआई कार्यालय जाकर फिर सीमांकन करने के लिये निवेदन किया लेकिन दोनों अधिकारी आरआई और पटवारी ने जाने से इंकार कर दिया। 
 


अन्य पोस्ट