महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 दिसंबर। धान खरीदी शुरू हुए लगभग एक माह हो चुके हैं, लेकिन अभी तक खरीदी केन्द्रों से धान का उठाव नहीं होने के कारण केन्द्रों में धान जाम की स्थिति बन गई है। कई खरीदी केन्द्रों में धान रखने के लिए भी जगह नहीं बची है। इसी समस्या को लेकर कल तोषगांव समिति में धान खरीदी बंद कर दी गई। अपना धान बेचने की आस में खरीदी केन्द्र में पहुंचे किसानों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। यदि जल्द ही खरीदी केन्द्रों से धान का उठाव नहीं होता है तो ऐसी ही स्थिति अन्य सोसायटियों में भी निर्मित होने की संभावना किसानों को है।
विगत 14 नवम्बर से जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू हो गई लेकिन अब तक खरीदी केन्द्रों से धान का उठाव शुरू नहीं हुआ है। लगभग सभी खरीदी केन्द्रों में 25 से 30 प्रतिशत तक खरीदी हो चुकी है और उठाव शून्य है।
सभी समितियों में काफी मात्रा में धान जाम हो चुका है और जगह की कमी हो रही है। धान रखने के लिए जगह नहीं होने के कारण ही कल धान खरीदी केन्द्र तोषगांव में खरीदी बंद कर दी गई।
समिति के अध्यक्ष विजय प्रधान ने बताया-मैं कई दिनों पहले से ही जिला विपणन अधिकारी को धान जाम होने की समस्या से अवगत करा रहा हूं। उन्होंने इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। अधिकारी ने बफ र लिमिट होने के बाद धान का उठाव होने की बात कही थी। केवल तोषगांव ही नहीं बल्कि लगभग सभी खरीदी केन्द्रों में इसी तरह की स्थिति बन गई है। हालांकि कुछ गिने-चुने सोसायटियों से नाममात्र का उठाव हुआ है, लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं है। यदि ऐसी स्थिति बनी रही तो अन्य खरीदी केन्द्रों में भी धान खरीदी बंद करने की नौबत आ सकती है।