महासमुन्द
महासमुंद,13 दिसंबर। प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान बागबाहरा का औचक निरीक्षण कर आबकारी अमले ने मिलावटी शराब जब्त कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार के बाद जमानत मुचलके पर रिहा किया है। बताया गया है कि दुकान में अंग्रेजी शराब की बोतलों के ढक्कन से छेड़छाड़ कर उसमें पानी मिलाया जाता था।
आबकारी विभाग से जारी विज्ञप्ति बताया गया है कि विदेशी मदिरा मिलावट की शिकायतें लगातार मिल रह थी। शिकायतों की जांच के लिए 12दिसम्बर 2024 को रात 10 बजे दुकान बंद होने के 15 मिनट पूर्व आबकारी टीम ने औचक निरीक्षण किया। जो देर रात तक चलती रही। निरीक्षण के दौरान मदिरा दुकान में उपलब्ध मदिरा स्कंध का भौतिक सत्यापन किया गया।
भौतिक सत्यापन के समय मदिरा की प्रत्येक पेटी को खोलकर मदिरा की शीशियों को देखा गया। स्टॉक मिलान पर मैकडॉवेल नं1 व्हिस्की की 24 नग बोतल 8 बल्क ली.एवं ऑफ्टर डार्क फाईन ग्रेन व्हिस्की की 12 नग बोतल 9 बल्क ली. कुल 36 बोतल 27 बल्क लीटर के ढक्कनों में छेड़छाड़ पाये जाने पर पेटियों को अलग किया गया। ढक्कन ढीले, होलोग्राम से छेड़छाड़ एवं आसानी से ढक्कन का खुलना पाया गया।
ढक्कन की छेड़छाड़ से मिलावट के संदेह पर मदिरा की जांच किये जाने पर शासन द्वारा निर्धारित मानक 25.0 यूपी अनुरूप नहीं होना पाया गया। जिससे उक्त मदिरा में मिलावट करने की पुष्टि हुई। उक्त मदिरा जब्त कर ली गई। उक्त मदिरा में मिलावट के संबंध में पूछताछ किये जाने पर दुकान में उपस्थित कर्मचारियों में से मुख्य विक्रय कर्ता प्रेम साहू, विक्रय कर्ता अमित शर्मा तथा मल्टी पर्पस वर्कर नितेश शर्मा ने मदिरा में मिलावट किया जाना स्वीकार किया।
उक्त अनियमितता हेतु उपस्थित कर्मचारियों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर आरोप पत्र दिया गया तथा छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 यथा संशोधन 2020 की धारा 38 क एवं 39 स के तहत प्रकरण कायम कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जमानत एवं मुचलका पर रिहा किया गया। उक्त कार्रवाई प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी निधीश कोष्टी के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी दीपक कुमार ठाकुर के नेतृत्व में की गई। जिसमें आबकारी उप निरीक्षक शिवशंकर नेताम, मुकेश कुमार वर्मा, अनिल झरिया, नीतेश सिंह बैस तथा आबकारी आरक्षक संजय मरकाम, देवेश मांझी शामिल रहे।