महासमुन्द

अस्पृश्यता निवारणार्थ एवं सद्भावना शिविर
11-Dec-2024 2:41 PM
अस्पृश्यता निवारणार्थ एवं सद्भावना शिविर

महासमुंद, 11 दिसंबर। आगामी 18 दिसंबर को गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मनबाय ग्राम पंचायत सोनापुटी में अस्पृश्यता निवरणार्थ एवं प्रचार-प्रसार सद्भावना शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जातियों के कल्याण एवं उनके प्रति अस्पृश्यता के कलंक को मिटाना है।   इस कार्यक्रम में ‘‘निबंध और भाषण प्रतियोगिता’’ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें उच्च विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। निबंध का विषय ‘अस्पृश्यता उन्मूलन हेतु संवैधानिक प्रावधान एवं उनका व्यावहारिक जीवन में प्रभाव’ और भाषण का विषय ‘अस्पृश्यता समाज के लिए कलंक है’ रखा गया है। प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार और सामग्री के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

मुख्य अतिथि द्वारा शिविर का शुभारम्भ प्रात: 10 बजे किया जाएगा, इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों पंथी नृत्य, सुवा नृत्य, और रावत नाचा का प्रदर्शन होगा। प्रात: 11 से 12 बजे तक छात्र-छात्राओं द्वारा निबंध और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रात: 12 से 01 बजे अस्पृश्यता निवारण और सामाजिक सद्भावना पर चर्चा, दोपहर 01 से 02 बजे सहभोज का आयोजन, जहां समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ भोजन करेंगे। तत्पश्चात दोपहर 03 बजे से 03:30 बजे तक विभिन्न विभागों द्वारा अनुसूचित जातियों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। दोपहर 03:30 से 04:30 बजे तक पंचायत और समाज सेवा विभाग द्वारा गीत, संगीत और नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी। तत्पश्चात भाषण और निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार तथां समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। 

इस आयोजन में ग्राम के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने ‘‘अस्पृश्यता उन्मूलन, शिक्षा, चिकित्सा, और सांस्कृतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान’’ दिया है। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सद्भावना और समानता का संदेश दिया जाएगा, ताकि समाज में भेदभाव और असमानता को समाप्त किया जा सके।


अन्य पोस्ट