महासमुन्द

धान खरीदी की रफ्तार धीमी उठाव नहीं होने से जाम
09-Dec-2024 6:56 PM
धान खरीदी की रफ्तार धीमी उठाव नहीं होने से जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 9 दिसंबर। स्थानीय कृषक सभा सहकारी समिति द्वारा खरीदे जा रहे धान का उठाव नहीं होने से धान खरीदी में कभी भी व्यवधान आ सकता है।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर तक करीब 22 हजार क्विंटल से अधिक धान जमा हो चुका है। मौसम देखते हुए किसान भी अपना धान जल्दी बेचने के लिए तत्पर दिखाई दे रहे थे।

 मिली जानकारी के अनुसार पिथौरा सहकारी समिति अंतर्गत सभी सहकारी समितियों में धान की खरीदी चल रही है, परन्तु इस वर्ष राइस मिलर्स की मांगों के चलते धान का उठाव लगभग बंद है। जिसकी वजह से जितने स्टैग लगाए गए थे, सबमें धान लगा दिया गया है। अब और जगह नहीं होने के कारण धान खरीदी की रफ्तार कम हो गई है, जिससे धान बेचने रजिस्टर्ड किसानों का उन्हें दी गई तारीख में धान बेचने में परेशानी हो रही है।

समिति व्यवस्थापक के अनुसार रविवार के पूर्व तक करीब 20,000 क्विंटल धान विभिन्न स्टैग में जमाया गया है। मौसम में आये बदलाव के कारण बारिश में धान भीगने से बचाने स्टैग के धान की कैपिंग की गई है।

 कुछ धान मंडी शेड में भी रखा गया है।

बहरहाल, सरकार एवं राइस मिलर्स में चल रहे विवाद ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। यदि जल्द ही जाम पड़े धान का उठाव नहीं हुआ तो धान खरीदी में व्यवधान हो सकता है।


अन्य पोस्ट