महासमुन्द
महासमुंद, 9 दिसंबर। कल अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना के नेतृत्व में मंडी बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी एवं राजस्व विभाग की टीम ने छापा मार कर दो फुटकर व्यापारियों के यहां अवैध रूप से रखे 330 पैकेट धान जब्त किया है।
मंडी सचिव श्रवण कुमार कुरुवंशी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना मनोज कुमार खांडे के नेतृत्व में सूचना के आधार पर अवैध रूप से भंडारित किए गए धान की जब्ती के लिए टीम ग्राम सनबहाली एवं जमनीडीह पहुंची। सनबहाली के महेश कुमार अग्रवाल 35 साल के दुकान-गोदाम में छापा मारा गया। उसके गोदाम में रखे 230 पैकेट धान के संबंध में पूछताछ की गई।
महेश कुमार अग्रवाल छोटा व्यापारी है। उसे 10 क्विंटल धान रखने का लाइसेंस मंडी बोर्ड द्वारा प्रदान किया गया है। दस क्विंटल से अधिक धान रखने की अनुमति नहीं है। दस क्विंटल से अधिक धान पाए जाने के कारण सभी 230 पैकेट धान को मंडी बोर्ड अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।
इसके पश्चात टीम ने जमनीडीह के कैलाश पटेल 34 के गोदाम में भी छापा मारा। उसके गोदाम में रखे 100 पैकेट धान के संबंध में पूछताछ की गई। कैलाश पटेल ने भी मंडी से छोटा व्यापारी फुटकर व्यवसाय का लाइसेंस प्राप्त किया है। जिसे 10 क्विंटल धान रखने की अनुमति थी लेकिन 10 क्विंटल से अधिक धान रखे जाने पर टीम ने उसे भी जब्त किया। इस प्रकार दो लघु व्यापारियों से कुल 330 पैकेट धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की गई।