महासमुन्द

अब तक डेढ़ लाख क्विंटल धान खरीदी, उठाव शून्य
02-Dec-2024 2:17 PM
अब तक डेढ़ लाख क्विंटल धान खरीदी, उठाव शून्य

मौसम खराब, समितियों की चिंता बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 दिसंबर।
समर्थन मूल्य में धान खरीदी को पखवाड़े भर से अधिक समय हो चुका हैं। आज की स्थिति में जिले के 182 उपार्जन केन्द्रों में 30839 किसानों से 150512 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, लेकिन अब तक धान का परिवहन शुरू नहीं हो पाया है। अब छुट्टी के बाद सोमवार से एक बार पुन: खरीदी शुरू हो चुकी है। ऐसी स्थिति में जिले के अनेक ऐसे उपार्जन केन्द्र जहां पहले ही धान रखने की जगह नहीं है, वहां खरीदी बंद होने की संभावना है। 

इस संबंध में डीएमओ, महासमुंद टिकेन्द्र राठौर का कहना है कि सोमवार से धान का उठाव प्रारंभ हो जाएगा। 35-40 हजार क्विंटल धान का उठाव के लिए डीओ कट चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार 14 नवम्बर से जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी चल रही है। 182 केन्द्रों में लाखों क्विंटल धान का उपार्जन किसानों से कर लिया है। जो समितियों में खुले आसमान के नीचे कैप कवहर के साथ डंप है। मिलर्स की हड़ताल के चलते सहकारी समितियों के उपार्जन केन्द्रों से उपार्जित धान परिवहन की बोहनी तक नहीं हुई है। सुस्त परिवहन के चलते धान उपार्जन केन्द्रों के केंद्र प्रभारियों एवं समिति प्रबंधन के समक्ष बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है। 

दूसरी ओर खराब मौसम व बारिश से धान को बचाने कड़ी मशक्कत समिति प्रबंधन को करनी पड़ रही है। कुछ केन्द्रों में धान को बारिश से बचाने नए एवं पुराने कैप कवहर का इस्तेमाल करते देखा गया है। प्रबंधन से पूछे जाने पर शासन द्वारा दिये जा रहे फंड और वर्तमान महंगाई में अंतर को बताते हुए मिलने वाले फंड को अपर्याप्त बताया गया।

जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ महासमुंद के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू का कहना है कि धान खरीदी के दौरान शासन के निर्देशों के तहत किसानों से 17 प्रतिशत नमी के मान से धान खरीदी समितियों द्वारा की जाती है। कड़ी धूप एवं लेट-लतीफ ी, परिवहन व्यवस्था के चलते धान सूख जाता है। जिसका सीधा असर समितियों की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। शासन द्वारा समितियों को धान खरीद पर कोई सूखत मान्य नहीं होने के चलते धान की खरीदी समितियों के लिए जी का जंजाल बन गयी है।

गौरतलब है कि जिले के 182 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से रोजाना लाखों क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। जिसमें सबसे अधिक धान मोटा कामन की है। वहीं सरना की आवक जिले में दूसरे नंबर पर है। जबकि पतला धान की आवक नहीं के बराबर है। खरीदी जिस रफ्तार से जारी है जिले मे धान का उठाव शून्य है। जिससे समिति प्रबंधन के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आ रही है। धान खरीद में समितियों को सूखत के एवज में कोई नहीं मिलती। ऐसी स्थिति में समिति प्रबंधन के लिए यह काम बड़ा चुनौतीपूर्ण हो गया है।

आज यदि बारिश हो गई तो आज भी जिले के 90 फीसदी खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी नहीं हो पाएगी। अधिकांश उपार्जन केन्द्रों में टीन शेड नहीं होने की वजह से फड़ के स्टेकों पर तिरपाल केप कवर चढ़ाया गया है। सोमवार को धान खरीदी होगी अथवा नहीं, इस पर भी  किसानों में सशंय बना हुआ है। समर्थन मूल्य पर की जाने वाली धान खरीदी की अंतिम तारीख शासन द्वारा 31 जनवरी 2025 निर्धारित है।

दिन भर घरों में दुबके रहे लोग
रविवार को दिन भर लोग अपने घरों में दुबके रहे। मौसम वैज्ञानिकों ने 2 दिसम्बर तक मौसम खराब होने की संभावना व्यक्त की थी और उनकी संभावनाओं के अनुसार आज भी सूरज नहीं निकला है। तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं और ऐसा लग रहा है जैसे अब तक पानी बरसने वाला है। 

शनिवार और रविवार को समितियां छुट्टियों की वजह से बंद रही। उच्च अधिकारियों द्वारा बारिश को लेकर पूर्व में अलर्ट किया गया था। जिसके मद्देनजर समितियों में कार्यरत कर्मचारियों को धान को नमी से बचाने तिरपाल से ढंका गया है। फैजल तूफ ान की वजह से आज भी मौसम बहुत खराब है।
 


अन्य पोस्ट